सादात। भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की 95वीं जयंती 24 और 25 दिसंबर को समारोहपूर्वक मनाने का निर्देश प्रदेश सरकार से प्राप्त हुआ है। माध्यमिक स्तर के विद्यालयों में आयोजित होने वाला यह समारोह दो चरणों में पूर्ण होगा। इस संबंध में माध्यमिक शिक्षा के निदेशक विनय कुमार पांडेय का निर्देश सभी जिला विद्यालय निरीक्षकों को भेजा गया है। राजकीय हाईस्कूल सौरी के प्रधानाचार्य रामअवतार यादव ने बताया कि निदेशक का भेजा हुआ मेल सभी विद्यालयों को प्राप्त हो चुका है। जिला विद्यालय निरीक्षक अनिल कुमार मिश्र ने सभी विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को निर्देश भेजा है। इस निर्देश के मुताबिक प्रथम चरण का समारोह 24 दिसंबर और दूसरे चरण का समारोह 25 दिसंबर को होगा। उन्होंने बताया कि भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती पर कविता पाठ, वाद-विवाद प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिता में सभी छात्र-छात्राओं की सहभागिता अनिवार्य होगी। अटल बिहारी वाजपेयी एक लेखक, पत्रकार और राजनेता के रूप में ख्याति प्राप्त हैं। इन तीनों क्षेत्र में उनके कृतित्व तथा उनके व्यक्तित्व की झांकी प्रस्तुत करना इस समारोह का उद्देश्य है। उन्होंने बताया कि इस समारोह की वीडियोग्राफी शिक्षा निदेशक माध्यमिक को भेजा जाना अनिवार्य है।