मुहम्मदाबाद। न्यायालय के आदेश के अनुपालन की आड़ में शनिवार से नगर पालिका ने सड़क के किनारे अतिक्रमण करने वाले दुकानदारों को वैधानिक कब्जा दिखाकर शुल्क वसूलने की कवायद शुरू कर दी है। इससे जाम की समस्या से जूझ रहे नगर के लोगों की राहत मिलने की उम्मीद धूमिल पड़ गई है। नगर की सभी प्रमुख सड़कों और यूसुफपुर बाजार में सड़क की पटरियों पर अतिक्रमण के कारण आए दिन जाम लगता है। शहीद पार्क के पास तो पूरे दिन जाम की स्थिति बनी रहती है। प्रशासन की ओर से कोई कार्रवाई न होने से अतिक्रमणकारियों का हौसला और बढ़ता जा रहा है। इसी बीच नगर पालिका परिषद ने पटरियों पर अतिक्रमण करने वाले दुकानदारों की दुकानों की पैमाइश कराकर उन्हें नगर पालिका कार्यालय में शुल्क जमा करने व परिचय पत्र प्राप्त करने को कहा है। इस तरह से दुकानदारों को सड़कों पर कब्जा करने की वैधानिक छूट देने की तैयारी की गई है। नगर में कहीं भी नगर पालिका की भूमि नहीं है, जहां वह पार्किंग बना सके। इसके बावजूद नगर पालिका प्रशासन पीडब्लूडी की सड़कों पर वाहन खड़ा करने वालों से पार्किंग शुल्क की वसूली की जाती है। इसी प्रकार सड़कों पर अतिक्रमण करने वाले दुकानदारों को लाइसेंस देकर शुल्क की वसूली करने की तैयारी नगर पालिका ने कर ली है। नगर पालिका के इस फैसले से जाम की समस्या गंभीर हो जाएगी।