गाजीपुर। शहर के परसपुरा स्थित एक मैरेज हाल में रविवार को राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ की बैठक आयोजित की गई। इसमें अयोध्या में भगवान श्रीराम मंदिर के निर्माण को लेकर 25 नवंबर को अयोध्या चलो कार्यक्रम की जानकारी दी गई। मुख्य अतिथि काशीपीठ के महामंडलेश्वर स्वामी जितेंद्रानंद सरस्वती महाराज ने डा. केशव बलिराम हेडगेवार तथा गुरुजी सदाशिवराव गोलवलकर के चित्र के पास दीप प्रज्ज्वलन कर कार्यक्रम की शुरुआत की। श्री सरस्वती ने कहा कि सरयू तट पर बसी अयोध्या नगरी में श्रीराम मंदिर बनाने के लिए 25 नवंबर को सम-वैचारिक एवं आनुषांगिक संगठन मिलकर अयोध्या के लिए प्रस्थान करेंगे। वहां एक विशाल धर्मसभा होगी, जिसमें संपूर्ण भारत से लगभग 15 लाख श्रद्धालु शामिल होंगे। इसमें संत, शंकराचार्य, पीठाधीश्वर, अखाड़े के अनुयायी भी शामिल हैं। इस धर्मसभा में सरकार पर दबाव बनाया जाएगा। संचालन कर रहे जिला प्रचारक दीनानाथ ने अधिक से अधिक संख्या में लोगों से भाग लेने की अपील की। इस मौके पर प्रांत कार्यवाह बांकेलाल, जिला संचालक अशोक राय, रमाशंकर, देवनारायन, हृदेश कुमार, योगेश सिंह, विनोद अग्रवाल, हरिहर सिंह, प्रदीप सिंह, अनुज राय, मारुति राय, सूर्यकांत यादव, मुन्ना पांडेय, कुशजी, अनुग्रह जायसवाल, राकेश वर्मा, राकेश तिवारी, जयप्रकाश सिंह, कृपाशंकर राय, अजय तिवारी, शिवकुमार, शशिकांत, सरोज कुशवाहा, रमा पांडेय आदि उपस्थित रहीं।