गाजीपुर। जिला उद्योग बंधु एवं स्वरोजगार बंधु की बैठक राइफल क्लब सभागार में सोमवार को हुई। बैठक में बताया गया कि राजस्व विभाग में भू-उपयोग परिवर्तन में एक, विद्युत कनेक्शन में एक, विद्युत सुरक्षा में चार एवं प्रदूषण नियंत्रण में पांच प्रकरण लंबित हैं। इस पर अध्यक्षता कर रहे मुख्य विकास अधिकारी हरिकेश चौरसिया ने नाराजगी व्यक्त करते हुए 31 अक्तूबर तक निस्तारण कराते हुए जीएमडीआईसी को रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ने अधिक से अधिक उद्यमियों से रजिस्ट्रेशन कराने को कहा, जिससे खरीदारी में सुविधा हो। उन्होंने कहा कि जो उद्यमी जिस उद्योग में पंजीकृत हों वह पोर्टल पर ई-मार्केट के माध्यम से खरीदारी करें। एमओयू की प्रगति तथा अन्य नवीन उद्यम की स्थापना के संबंध में बताया गया कि जमीन चिह्नित की गई है जो माह नवंबर तक चालू हो जाएगी। राजकीय औद्योगिक आस्थान नंदगंज में स्वतंत्र फीडर की स्थापना के संबंध में अग्रिम कार्रवाई के लिए अधिशासी अभियंता विद्युत वितरण खंड तृतीय को स्थिति स्पष्ट कराने तथा रिपोर्ट प्रस्तुत करने का निर्देश दिया। राजकीय औद्योगिक आस्थान नंदगंज में प्रशासनिक भवन के पास अस्थायी पुलिस बूथ उद्यमियों द्वारा बनाया जा रहा है। बताया गया कि 15 नवंबर तक हैंडओवर हो जाएगा। नगर पंचायत जंगीपुर में पार्किंग शुल्क वसूली किए जाने के संबंध में निर्देश दिया कि स्थलीय निरीक्षण कर वास्तविकता का पता लगाया जाए। बैठक में उद्योग बंधु से संबंधित अधिकारी एवं जिले के उद्यमी उपस्थित थे।