सुहवल (गाजीपुर)। नवागत पुलिस अधीक्षक यशवीर सिंह के निर्देश पर हरकत में आई पुलिस ने लंबे समय से विभिन्न मामलों में फरार चल रहे दो वारंटियों को उनके घर पर दबिश दे शनिवार की सुबह गिरफ्तार कर लिया। संबंधित धाराओं में दोनों का चालान कर दिया गया है।
जनपद न्यायालय द्वारा सुहवल थाना क्षेत्र के गौरा निवासी मोती यादव एवं इसी थाना क्षेत्र के रामपुर मिल्की निवासी मुन्नन बिंद को हाजिर होने के लिए बार-बार नोटिस जारी किया जा रहा था। बावजूद हाजिर न होने पर न्यायालय ने दोनों के खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी कर दिया। पुलिस दोनों की तलाश कर रही थी। इसी क्रम में पुलिस को सूचना मिली कि दोनों वारंटी घर पर मौजूद है। प्रभारी निरीक्षक रविंद्र कुमार पांडेय एवं उप निरीक्षक अजीत कुमार पांडेय पुलिस बल के साथ उनके घरों पर पहुंचे और दबोच लिया। इस संबंध में थाना पुलिस ने बताया कि गिरफ्त में आए वारंटी लंबे समय से फरार चल रहे थे। न्यायालय द्वारा गैर जमानती वारंट जारी किया गया था। दोनों का चालान कर दिया गया है।