जमानिया(बलिया)। क्षेत्र के देवढ़ी गांव में स्थित 33/11 केवीए उपकेंद्र के फुंके पांच एमवीए के ट्रांसफार्मर को दूसरे दिन सोमवार को भी नहीं बदला जा सका। इस वजह से दर्जनों गांव के लोग बिजली के अभाव में परेशान रहे। हालांकि विभागीय अधिकारियों ने दावा किया कि 48 घंटे के अंदर ट्रांसफार्मर को बदलकर आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।
देवढ़ी गांव में स्थित 33/11 केवीए उपकेंद्र का लगा पांच केवीए का ट्रांसफार्मर रविवार की सुबह करीब पांच बजे आग का गोला बन गया था। सूचना पर मौक पर पहुंचे फायर कर्मियों ने एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया था। ट्रांसफार्मर जलने की वजह से उपकेंद्र से संबंधित नई बाजार, गायघाट, रायपुर, धुस्का, दाउदपुर, अभईपुर, महली, प्रहलादपुर, नरसिंहपुर, रइमला, देवढ़ी, डिल्लाचावल, तारनबांध, खड़ैचा, नारायनपुर, धिनपुरा, डेहरिया, रोहुणा, असैचंदपुर, बभनपुरा सहित दो दर्जन से अधिक गांव के सैकड़ों घरों की बत्ती गुल हो गई थीं। लोगों को यह उम्मीद थी कि जल्द से जल्द ट्रांसफार्मर को बदलकर आपूर्ति शुरू करा दी जाएगी, लेकिन दूसरे दिन सोमवार की शाम छह बजे तक बिजली का दर्शन होने से लोग निराशा हो गए। अनापूर्ति की वजह से पानी के लिए हाहाकार मचा रहा। लोग अधिकारियों और उपकेंद्र पर बार-बार फोन मिलाकर यह पता करने में जुटे रहे कि कब तक बिजली आएगी। इस संबंध में जेई तापस कुमार ने बताया कि उपकेंद्र में लगा पांच एमबीए के ट्रांसफार्मर के ऊपर तार टूटकर गिर गया था। इससे ट्रांसफार्मर में लगी खूंटी टूट गई और उसमें छेद होने से आग लग गई थी। फायर कर्मियों द्वारा आग बुझाने के दौरान ट्रांसफार्मर के अंदर पानी चला गया है। सोमवार को ट्रांसफार्मर को बनाने के बाद टेस्ट किया गया, लेकिन टेस्ट में ट्रांसफार्मर खरा नहीं उतरा। इस कारण से ट्रांसफार्मर को बदलने का निर्णय लिया गया है और इसकी रिपोर्ट भेजी गई है। स्वीकृति प्राप्त हो चुकी है। 48 घंटे के अंदर ट्रांसफार्मर को बदलकर आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।