गाजीपुर-जमानिया-सैयदराजा मार्ग का शुक्रवार को दिन में करीब 12 बजे जिलाधिकारी के बालाजी ने औचक निरीक्षण किया। इस दौरान कार्यदायी संस्था को समय सीमा के अंदर सड़क का निर्माण कार्य पूर्ण करने का निर्देश दिया।
अमर उजाला में एनएच की दशा पर प्रमुखता से खबर प्रकाशित होने के बाद जिलाधिकारी के बालाजी आज दिन में एनएच 97(24) के निरीक्षण के लिए निकले। मुख्य मार्ग से होते हुए तहसील मुख्यालय पहुंचे जहां एनएचआई के ठेकेदार को तहसील में बुलवा कर धीमी गति से कार्य करने को लेकर जिलाधिकारी ने फटकार लगाई। समय सीमा के अंदर कार्य को पूर्ण करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि एनएच पर निर्माण कार्य में बाधा न हो इस कारण से भारी वाहनों को दिन में पूरी तरह से रोका गया है। रात में भारी वाहनों को इस मार्ग भेजा जा रहा है। मार्ग को वन-वे किया गया है ताकि सड़क निर्माण में बाधा न उत्पन्न हो लेकिन एनएचआई के ठेकेदार द्वारा संतोषजनक कार्य अब तक नहीं किया गया है। सड़क पर पानी के छिड़काव का निर्देश दिया ताकि सड़क के किनारे रह रहे लोगों राहगीरों को परेशानी न हो। उन्होंने बताया कि एनएचआई ने सड़क का निर्माण कार्य पूर्ण करने के लिए 31 मई तक का समय मांगा था जो पूरा होने वाला है लेकिन अब तक पीचिंग का कार्य शुरू नहीं हुआ है। जिलाधिकारी ने कार्य को जल्द से जल्द पूर्ण कराने का निर्देश दिया।