सुहवल (गाजीपुर)। ताड़ीघाट-मऊ रेलखंड विस्तारीकरण एवं गंगा नदी पर हमीद सेतु के बगल में बन रहे निर्माणाधीन रेल कम रोड ब्रिज का निरीक्षण शुक्रवार को सीपीएम विकास चंद्रा, जेजेएम एसके ओझा एवं एसपी सिंग्ला कंसट्रक्शन के प्रोजेक्ट मैनेजर विनोद सैनी ने किया। निरीक्षण के दौरान कार्य में तेजी लाने के निर्देश मौजूद कर्मचारियों और अधिकारियों को दिया। अधिकारियों का काफिला सीधे गाजीपुर घाट स्टेशन स्थित फेब्रिकेशन यार्ड पहुंचा। वहां चल रहे कार्यों और अभिलेखों का निरीक्षण कर कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिया। इसके बाद अधिकारियों का काफिला गंगा नदी पर स्थित निर्माण स्थल पहुंचा। वहां चल रहे कार्यों पर संतोष जताया। साथ ही निर्माण कार्यों में और तेजी लाने के लिए एक और प्लांट लगाने का निर्देश दिया। इसके उपरांत काफिला मेदनीपुर प्लांट पहुंचा। जहां पूरे प्लांट का निरीक्षण, सुरक्षा प्वाइंटो, निर्माण कार्यों में प्रयुक्त होने वाली सामाग्रियों का लैब के जरिये उसकी गुणवत्ता को परखा। उसके बाद कांफ्रेंस हाल में विभागीय लोगों संग मीटिंग कर सीधे दिल्ली के लिए रवाना हो गए। निरीक्षण के दौरान डीजीएम सत्यम कुमार, एसके साहू, ब्रिज एक्सपर्ट अभिषेक चौहान, प्रोजेक्ट मैनेजर पीसी मोहराना, इंजीनियर अर्जुन मुखर्जी, सुनील सिंह, यूसी शुक्ला आदि मौजूद रहे।