सीबीएसई की परीक्षा सोमवार से शुरू हो गई। आज पहले दिन 12वीं कक्षा के छात्रों की इंग्लिश इलेक्टिव एवं इंग्लिश कोर प्रश्नपत्र की परीक्षा आयोजित थी। इसमें विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर 69 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। केंद्रों पर परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए व्यापक इंतजाम किए गए थे। परीक्षा देकर केंद्रों से बाहर निकले अधिकांश छात्रों के चेहरे खिले हुए थे।
सेंट्रल बोर्ड आफ सेकेंड्री एजूकेशन (सीबीएसई) की परीक्षा में इस वर्ष 10वीं एवं 12वीं कक्षा के 6342 परीक्षार्थी पंजीकृत हैैं। इनके लिए आठ परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। आज से बोर्ड की परीक्षा शुरू हो गई। पहले दिन बारहवीं कक्षा के छात्रों की इंग्लिश इलेक्टिव एवं इंग्लिश कोर प्रश्नपत्र की परीक्षा आयोजित हुई। इस परीक्षा में 1951 परीक्षार्थियों को बैठना था लेकिन 1882 परीक्षार्थी ही परीक्षा में बैठे। शेष 69 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। महात्मा ज्योति राव फूले पब्लिक स्कूल के उप प्रधानाचार्य राकेश पांडेय ने बताया कि विद्यालय स्थित परीक्षा केंद्र पर आज की परीक्षा सकुशल संपन्न हुई। इसमें 359 परीक्षार्थियों में से 21 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे जबकि 338 ने परीक्षा दी। शाहफैज पब्लिक स्कूल के निदेशक डा. नदीम अदहमी ने बताया कि इंग्लिश इलेक्टिव एवं इंग्लिश कोर की परीक्षा में 636 में से 611 परीक्षार्थी बैठे जबकि 25 ने परीक्षा नहीं दी। तूलिका पब्लिक स्कूल के प्रबंधक बीएम उपाध्याय ने बताया कि उनके केंद्र पर 374 परीक्षार्थियों में से छह अनुपस्थित तथा 368 परीक्षा में उपस्थित रहे। जमानिया संवाददाता के अनुसार, सनशाइन पब्लिक स्कूल के प्रबंधक अमित कुमार सिंह ने बताया कि आज की परीक्षा में 189 में 185 उपस्थित और चार परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। नंदगंज संवाददाता के अनुसार, रेनबो माडर्न स्कूल के प्रधानाचार्य ने बताया कि 135 में पांच परीक्षार्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। शेष 130 परीक्षा में बैठे। वेद इंटरनेशनल स्कूल के प्रबंधक पंकज श्रीवास्तव ने बताया कि 258 में आठ अनुपस्थित थे। मंगलवार को 10वीं कक्षा के छात्रों की हिंदी प्रश्नपत्र की परीक्षा होगी। परीक्षा देकर केंद्रों से बाहर निकले कई छात्र प्रसन्नचित दिखाई दे रहे थे। उनका कहना था कि प्रश्नपत्र बढ़िया था। उन्होंने परीक्षा में बेहतर अंक प्राप्त करने की उम्मीद जताई।