रंगों के पर्व होली की तैयारी को लेकर बुधवार को लोगों में खरीदारी का उत्साह दिखा। सुबह से लेकर देर रात तक पर्व से संबंधित सामानों की खरीद का सिलसिला जारी रहा। इस दौरान लोगों कपड़ा, जूता-चप्पल, रंग, अबीर, पिचकारी, शृंगार का सामान सहित घर में पकवान बनाने के लिए खाद्य सामग्रियों की खरीदारी की। खरीदारी के दौरान अभिभावकों के साथ खासकर पिचकारी-टोपी की दुकानों पर पहुंचे बच्चों का उत्साह देखते ही बन रहा था।
बाजारों में रंग, अबीर, गुलाल की खरीद के साथ ही बच्चों के लिए तरह-तरह की पिचकारियों की दुकानें भी सजाई गई है। रंगों में लाल, पीला, हरा तथा काला आदि रंग दुकानों पर उपलब्ध कराए गए हैं। गुलाबी, लाल, हरा तथा पीला रंग का गुलाल और अबीर तरह-तरह के पैकेट तथा खुले में मिल रहे बिक रहे हैं। पिचकारी की खरीद को लेकर बच्चों में गजब का उत्साह दिखा। स्पाइडर मैन, ड्रैगन, टैडी बियर के साथ ही प्लास्टिक और स्टील आदि की पिचकारियों को बच्चे पसंद करते नजर आए। अपने अभिभावकों के साथ दुकानें पर पहुंचे बच्चे उनके अपनी मन-पसंद की पिचकारी दिलाने की जिद्द करते रहे। बच्चों की जिद्द की आगे अभिभावक दाम की परवाह न किए बगैर बच्चों की जिद्दी को पूरा करते रहे। होली की रंग बिरंगी, चमकीली टोपियां, बनावटी चश्मा, बाल की दुकानों पर भी ग्राहक जमे रहे।
जिले भर के रेडिमेड कपड़ा की दुकानें ग्राहकों से गुलजार रही। युवतियों के लेगीज, टाप, कुर्तादार समीज, चुन्नीदार दुपट्टा के साथ ही विभिन्न प्रकार की साडिय़ों की बिक्री होती रही। बच्चों तथा युवकों ने भी तरह-तरह के शर्ट, टी-शर्ट तथा जिंस पैंट और ट्राऊजर की खरीददारी की। इसके अलावा पहले से ही सिलने के लिए दिए गए कपड़ों को लेने के लिए दर्जी की दुकानो पर भी लोगों की भीड़ बनी रही। कपड़ों की खरीददारी के चलते दुकानदार काफी व्यस्त रहे। जेंट्स और लेडिज के लिए जूते-चप्पल की दुकानों पर भी ऊंची हील, लांगर, स्टिक आदि तमाम प्रकार की वेरायटियों की बिक्री हुई। महिलाओं ने कढ़ाई, सितारा, जरी लंहगा आदि वे रायटियों की साड़ियों की दिल खोलकर खरीद की।
युवकों के लिए चश्मा, बेल्ट हो या युवतियों के लिए बनावटी रोल-गोल्ड और डिजाइनदार गहने। इन दुकानों पर भी होली पर्व की रौनक नजर आई। युवतियां हल्के नाक, कान तथा सौंदर्य प्रसाधनों आदि की खरीद पर जोर देते दिखाई दी तो महिलाओं ने चूड़ी, बिंदी और साज-सजावट की वस्तुओं को पसंद करते नजर आई। अच्छी बिक्री से दुकानदारों में काफी उत्साह था। उनका कहना था कि पर्व से एक दिन पूर्व ग्राहकों की जबरदस्त भीड़ होगी।
होली पर्व से संबंधित सामानों की खरीदारी के लिए विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग शहर में आए थे। इससे बाजार में खरीदारों की भीड़ दिखी। यात्री वाहनों में भी सवारियों का दबाव बना रहा। वाहनों में भीड़ के बीच कई लोग खड़े होकर और वाहनों के गेट पर बैठकर यात्रा करते नजर आए। शहर के लंका स्थित करंडा बस स्टैंड, रौजा स्थित मऊ और मुहम्मदाबाद बस स्टैंड, लंका स्थित टेंपो स्टैंड सहित अन्य वाहन स्टैडों से चलने वाले वाहनों में सवारियों का दबाव बना हुआ था। आलम यह था कि एक तरफ जहां वाहन के अंदर यात्री आढ़े-तिरछे बैठे नजर आए। वहीं, कई लोग वाहनों से शरीर को बाहर निकाल तो कई लोग वाहनों के गेट पर बैठकर जाते दिखाई दिए। यात्रियों के दबाव की वजह से वाहन चालकों की चांदी रही।