बाइकों पर ट्रिपल राइडिंग को लेकर यातायात पुलिस गुरुवार को चेकिंग अभियान चलाया और हेलमेट की अनिवार्यता को लेकर लोगों को जागरूक किया। बिना हेलमेट पहने लोगों को चेतावनी देकर छोड़ दिया गया। अगले दिन से फर्राटा भरने वाले बाइक चालकों को बिना हेलमेट होने पर कार्रवाई की जाएगी। चेकिंग देख मुख्य सड़क को छोड़ अन्य लिंक मार्गों से बाइक चालक भागते नजर आए।
जिले के बाइक चालकों में हेलमेट की अनिवार्यता को लेकर फिलहाल कोई रुचि नहीं दिखाई दे रही है। काफी दिनों बाद जिला पुलिस नगर के विभिन्न मार्गों पर उतरी और ट्रिपल राइडिंग को लेकर सख्त दिखाई दी। बिना कागजात और तीन सवारी चलने पर सैकड़ों वाहनों का चालान काटा। हेलमेट को लेकर लोगों को जागरूक किया और चेतावनी दी कि अब हेलमेट पहनना जरूरी होगा। बिना हेलमेट के बाइक चलाने वालों की अब खैर नहीं होगी। सड़क हादसों को देखते हुए शासन ने ‘नो हेलमेट, नो पेट्रोल’ का फार्मूला लागू किया था। लेकिन जिले में इसकी हवा निकल गई। बिना हेलमेट में युवा ही नहीं बुजुर्ग तक बाइक धड़ल्ले से दौड़ा रहे हैं। लाख प्रयास के बाद भी हेलमेट पहनने को लेकर लोगों में कोई जागरूकता नहीं आ रही है। जबकि हेलमेट के प्रयोग से बाइक चालक परहेज करते दिखाई पड़ रहे हैं। जिले के करीब 75 प्रतिशत चालक इसे पहनकर बाइक चलाने से बचते हैं। महिला बाइक चालकों में भी हेलमेट को लेकर जागरूकता नहीं दिखाई दे रही है।