जिलाधिकारी के निर्देश पर औषधि निरीक्षक ने मंगलवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र मुहम्मदाबाद के सामने मेडिकल की दुकानों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान 6 प्रकार की संदिग्ध औषधियां सेंपल भरकर जांच के लिए भेजी गई।
पिछले सप्ताह उपजिलाधिकारी मुहम्मदाबाद ज्ञानप्रकाश यादव ने सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र मुहम्मदाबाद के सामने की दवा की दुकानों का निरीक्षण कर 13 दवा दुकानदारों के लाइसेंस की अवधि समाप्त हो जाने एवं कुछ दुकानों पर फार्मासिस्ट के न रहने की रिपोर्ट जिलाधिकारी को भेजी थी। इसके क्रम में जिलाधिकारी ने औषधि निरीक्षक को उक्त जांच आख्या के अनुसार दवा दुकानदारों की जांच कर कार्रवाई करने का निर्देश दिया था। उसी क्रम में औषधि निरीक्षक विरेंद्र कुमार ने 6 दवा दुकानदारों के दुकानों की जांच की। उन्हें 6 प्रकार की संदिग्ध दवाओं को जांच के लिए भेजा। विरेंद्र कुमार ने बताया कि दुकानदारों के दुकान के लाइसेंस का नवीनीकरण केंद्रीय कानून में परिवर्तन के चलते नहीं हो रहा है। अब सिर्फ दुकानदार ट्रेजरी में नवीनीकरण शुल्क जमा कर देते हैं। उन्होंने कहा कि निरीक्षण के दौरान कुछ दुकानों पर फार्मासिस्ट नहीं मिले जिनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी। औषधि निरीक्षक के औचक निरिक्षण से घबराये कई दुकानदार अपनी दुकानें बंद कर भाग खड़े हुए।