गाजीपुर। बिजली के दामों में बेतहाशा वृद्धि के विरोध में आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने जिला कार्यालय रजदेपुर रौजा पर बुधवार को बिजली का बिल जलाकर विरोध करते हुए धरना-प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी करते हुए विद्युत विभाग सहित शासन-प्रशासन पर जनता का खून चूसने का आरोप लगाया।
आप के जिला संयोजक रुद्रेश कुमार निगम ने कहा कि निकाय चुनाव के बाद सरकार ने बिजली के दामों में बढ़ोतरी कर दी। अचानक की गई इस बढ़ोत्तरी से प्रदेश की जनता को काफी असुविधा हो रही है। प्रदेश की सरकार को आम जन की परवाह नहीं है। जिला सचिव सुभाषचंद्र मौर्या ने कहा कि दिल्ली प्रदेश में केजरीवाल सरकार पानी एवं बिजली को सस्ते दर से आमजन को उपलब्ध करवा रही है। शिक्षा एवं स्वास्थ्य का बेहतर माहौल बना रही है। कैप्टन योगेंद्र यादव एवं अफसर हुसैन ने कहा कि प्रदेश सरकार के इस जनविरोधी फैसले का पार्टी विरोध करती है। प्रदेश के सभी जिलों में आप अभियान चलाकर बिजली के दामों में की गई बढ़ोतरी को वापस लेने की प्रदेश सरकार से मांग करेगी। इस मौके पर दरख्शां परवीन, अनिमेष जौन, पंकज यादव, नागेंद्र शर्मा, जगनारायण यादव, नंदलाल गुप्ता उपस्थित थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता सलमान सईद एवं संचालन जावेद अहमद ने किया।