मुहम्मदाबाद (गाजीपुर)। आधार कार्ड की अनिवार्यता बढ़ती जा रही है। इसके लिए पंजीकरण करने वाले ज्यादातर निजी पंजीकरण केंद्रों के बंद हो जाने से लोगों को आधार कार्ड बनवाने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कुछ निजी दुकानदार फर्जी आधार कार्ड बनाकर ग्रामीणों का आर्थिक शोषण कर रहे हैं। रविवार को उप जिलाधिकारी ने कई निजी पंजीकरण केंद्रों पर छापेमारी की। कोतवाली के पास एक निजी केंद्र पर कुछ आपत्तिजनक कागजात एवं मुहर बरामद किया।
नगर में एक दर्जन से अधिक निजी पंजीकरण करने वाले केंद्रों द्वारा आधार कार्ड बनाया जा रहा था। इससे लोगों को काफी सहूलियत मिलती थी लेकिन पिछले एक महीने से सभी निजी केंद्र बंद हो गए। यहां तक की सहज जनसेवा केंद्रों पर भी आधार कार्ड का पंजीकरण नहीं हो रहा है। इससे लोग बैंक खातों, मोबाइल नंबर एवं पैन कार्ड को आधार से लिंक नहीं करा पा रहे हैं। यूनीक आईडेंटिफिकेशन आफ इंडिया ने कुछ समय पहले निर्देश दिया था कि आधार कार्ड के पंजीकरण के लिए काउंटर सिर्फ सरकारी भवनों में होगा। निजी भवनों में संचालित काउंटर बंद होंगे। इसके बाद सरकार द्वारा फरमान जारी किया जा रहा है कि बैंकों की शाखाओं, क्षेत्र पंचायत कार्यालय, डाक घर एवं तहसील आदि सरकारी आफिसों में आधार कार्ड बनाया जाएगा लेकिन कहीं भी आधार कार्ड नहीं बनाया जा रहा है। नया आधार कार्ड बनवाने से अधिक आधार कार्ड में संशोधन कराने को लेकर लोग इधर-उधर दौड़ रहे है लेकिन कोई भी अधिकारी इनकी समस्या का समाधान नहीं करा रहा है। अब स्कूलों में दाखिले के लिए भी आधार कार्ड मांगा जा रहा है। सीबीएसई और राज्य सरकार के सभी स्कूलों के फार्म में एक कालम बढ़ाया जा रहा है। इसमें आधार कार्ड नंबर देना होगा। हालांकि कई स्कूलों ने इस पर नरम रुख अपनाया है। वह अभिभावकों को मौका दे रहे हैं कि बच्चों का आधार कार्ड बनवा लें। जेईई, नीट एवं छात्रवृत्ति फार्म के लिए पहले से ही आधार अनिवार्य कर दिया गया है। मिड डे मील को भी आधार से जोड़ने की तैयारी है। इसके अलावा सभी सरकारी योजनाओं का लाभ एवं किसानों को केसीसी प्राप्त करने एवं फसल बीमा का लाभ लेने के लिए भी आधार को अनिवार्य कर दिया गया है। जिन लोगों के आधार नहीं बन पाए हैं। वह आधार बनाने वाले निजी केंद्रों का चक्कर लगा रहे हैं। उपजिलाधिकारी ज्ञानप्रकाश यादव ने कहा कि फर्जी आधार कार्ड बनाने वाले केंद्रों की जानकारी मिलते ही उनकी दुकान सीज कर उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई जाएगी।