गाजीपुर। शहर कोतवाली के चीतनाथ घाट के पास बुधवार की शाम अपनी मां के साथ जिउतिया पर्व पर स्नान के लिए आया किशोर डूब गया। स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। जानकारी होते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। मछुआरों के सहयोग से उसकी तलाश कराई लेकिन उसका पता नहीं चला। कैथवलिया गांव निवासी रमेश यादव की पत्नी अपने पुत्र सुनील (13) के साथ जिउतिया पर्व पर स्नान करने चीतनाथ घाट के पास आई थी। गंगा स्नान करते समय भीड़ ज्यादा होने के कारण किशोर का पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चला गया। जब तक लोग उसे बचाने का प्रयास करते वह डूब गया। यह देख वहां मौजूद लोग चीखने-चिल्लाने लगे। इसके बाद लोगों ने पुलिस को सूचना दी। जानकारी पाकर पहुंची पुलिस मछुआरों के सहयोग से तलाश करा रही हैै। देर शाम तक किशोर का पता नहीं चल सका था। इस घटना की जानकारी परिवार में होते ही कोहराम मच गया।