गाजीपुर। कई महानगरों के लिए ट्रेनों का संचालन शुरू करने के बाद रेलवे इंदौर से गुवाहाटी के लिए शुक्रवार से नई ट्रेन चला रहा है। इस ट्रेन के संचालन से जिले के लोगों को जहां महाकालेश्वर का दर्शन करना आसान हो जाएगा। वहीं मां कामाख्या के दरबार में मत्था टेकने जाने के लिए उन्हें दूर-दराज के स्टेशनों की दौड़ नहीं लगानी पड़ेगी।
रेलवे की ओर से जिले में कई विकास कार्य कराए जा रहे हैं। वातानुकुलित सब्जी भंडारण केंद्र, वीआईपी हॉल एवं एस्कलेटर आदि का जहां निर्माण पूरा हो चुका है। वहीं क्षेत्रीय प्रशिक्षण संस्थान वाशिंग पिट एवं सिटी रेलवे स्टेशन का कायाकल्प करने का काम जोरों पर चल रहा है। इसके अलावा रेलवे की ओर से यात्री सुविधाओं के विकास के क्रम में बड़े शहरों के लिए सिटी स्टेशन एवं अन्य स्टेशनों से कई ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है। देश की राजधानी दिल्ली, आर्थिक राजधानी मुंबई और कोलकात्ता के लिए ट्रेनों का संचालन शुरू करने के बाद रेलवे अब इंदौर से गुवाहाटी के लिए ट्रेन चला रहा है। आज से चली लंबी दूरी की यह ट्रेन सिटी रेलवे स्टेशन से होकर गुजरेगी। यहां से होकर इस ट्रेन का संचालन होने से उज्जैन स्थित महाकालेश्वर एवं मां कामाख्या के दर्शन करने जाने वालों को अब दूसरे स्टेशनों तक की दौड़ नहीं लगानी पड़ेगी। अब उन्हें इन दोनों धार्मिक स्थलों पर दर्शन करने जाने के लिए ट्रेन की सुविधा उपलब्ध होगी।