कासिमाबाद। बरेसर थाना क्षेत्र के सिपाह मोड़ के पास सोमवार की रात एक तिलक समारोह से वापस लौटते समय बाइक असंतुलित होकर खाई में पलट गई। इस घटना में एक युवक की मौत हो गई। जबकि दो युवक गंभीर रुप से घायल हो गए। दोनों घायलों को उपचार के लिए कासिमाबाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर ले जाया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। मरदह थाना के बेदौली गांव निवासी राजेश राजभर (25) बाइक से अपने मित्र श्रवण राजभर (18) तथा कुंदन राजभर के साथ बरेसर थाना के जहूराबाद गांव में एक तिलक समारोह में गया था। समारोह समाप्त होने के बाद तीनों बाइक से वापस घर लौट रहे थे। सिपाह मोड़ के पास बाइक की गति तेज होने के कारण अनियंत्रित होकर बाइक सड़क किनारे खाई में पलट गई। बाइक पलटते ही उधर से गुजर रहे किसी व्यक्ति ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस वहां पहुंच गई और तीनों घायलों को उपचार के लिए कासिमाबाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजवाया जहां गंभीर चोट लगने के कारण राजेश राजभर की मौत हो गई। जबकि दोनों घायलों का उपचार कराया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया।