मुहम्मदाबाद। होली पर्व के मद्देनजर खाद्य विभाग की टीम सक्रिय हो गई है। मंगलवार को मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी दीपक कुमार श्रीवास्तव के नेतृत्व में गाजीपुर से आई टीम ने खोवा मंडी में छापेमारी की। इस दौरान खोवे के छह नमूने लिए गए। इसके बाद यह टीम भांवरकोल क्षेत्र के मिर्जाबाद मनिया चट्टी पर भी छापेमारी कर एक प्रतिष्ठान से खाद्य तेल का नमूना लिया। कुंडेसर बाजार में जनजागरूकता के साथ-साथ दो दुकानदारों को नोटिस जारी किया गया। इस दौरान कारोबारियों से साफ-सफाई बनाए रखने का दिशा- निर्देश दिया और रंगीन मिठाई बनाने तथा विक्रय करने की कड़ाई से मनाही की गई। विभाग की इस तोबड़तोड़ कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मचा रहा। इस मामले में जिला अभिहित अधिकारी अजीत कुमार मिश्र ने बताया कि होली तक इस प्रकार छापेमारी की कार्रवाई पूरे जनपद में किया जाएगा। आम जनमानस को शुद्ध खाद्य एवं पेय पदार्थ उपलब्ध कराए जाने को लेकर विभाग दृढ़ संकल्पित है। इसी क्रम में उन्होंने कहा कि मिष्ठान बनाने वाले लोग किसी भी प्रकार से रंगीन खाद्य पदार्थ न बनाए और न ही इसकी बिक्री करें। इस टीम में गोपाल चन्द, अवधेश कुमार, विवेक कुमार तिवारी, श्रीराम यादव एवं विवेक कुमार उपस्थित थे।