जमानिया(गाजीपुर)। नगर के पीएचसी पर मंगलवार को शोर-शराबा के बीच दूर-दराज क्षेत्रों से पहुंचे करीब सौ मरीजों को एंटी रेबीज की वैक्सीन लगाई गई। नगर कस्बा बाजार स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर बंदर एवं कुत्ते के हमले में घायल दर्जनों मरीज एंटी रेबीज वैक्सीन लगवाने के लिए मंगलवार को पहुंचे। जैसे ही मरीजों को पता चला कि वैक्सीन कम मात्रा में उपलब्ध है तो शोर-शराबा करना शुरू कर दिया। कई मरीजों के परिजन पहले वैक्सीन लगवाने की बात को लेकर आपस में भिड़ गए। कर्मचारियों ने मरीजों को कतार में खड़ा किया। बारी-बारी सौ मरीजों को एंटी रेबीज वैक्सीन लगाई गई, जबकि 50 मरीज वैक्सीन के अभाव में वापस लौट गए। कई मरीजों ने मेडिकल स्टोर से ऊंचे दाम पर वैक्सीन खरीद कर लगवाई। इस संबंध में फार्मासिस्ट जितेंद्रनाथ शुक्ला ने बताया कि कम एंटी रेबीज वैक्सीन के अभाव में 150 मरीजों में सौ मरीज को सूई लगाई गई। शेष 50 को दूसरे दिन लगाई जाएगी।