गाजीपुर। मुख्य विकास अधिकारी/प्रभारी जिलाधिकारी हरिकेश चौरसिया की अध्यक्षता में जिले में गोवंश आश्रय स्थल की स्थापना के संबंध में जिले के ग्राम प्रधानों के साथ बैठक हुई। उन्होंने बताया कि पशुओं में कई श्रेणी होती है जिसमें घरेलू, छुट्टा एवं तीसरे ऐसे गोवंश है जो बेसहारा होते हैं। ऐसे बेसहारा गोवंश के लिए सरकार की ओर से गोवंश आश्रय स्थल स्थापना के लिए निर्देश प्राप्त हुआ है। इसी क्रम में उन्होंने ग्राम प्रधानों से उनके ग्राम सभाओं में खाली पड़ी भूमि के बाबत जानकारी ली।
उन्होंने कहा कि जिले में 60 क्षेत्रों के चयन की प्रक्रिया चल रही है। उन्होंने सभी से अनुरोध किया कि अपने-अपने क्षेत्रों में ऐसे स्थलों का चयन कर अवगत कराएं जिससे गोवंश आश्रय स्थल की स्थापना किया जा सके। बैठक में ग्रामों में बनाए जा रहे शौचालय, नरेगा, आवास, आंगनबाड़ी केंद्र आदि के संबंध में भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिया। वर्तमान वित्तीय वर्ष में कराए जाने वाले कार्यों की सूची उपलव्ध कराई जा रही उसे दीवारों पर वाल पेंटिग कराया जाय जिससे कार्य में पारदर्शिता परिलक्षित हो। कार्य करने में अगर किसी ग्राम में किसी प्रकार की असुविधा हो तो संबंधित विकासखंड के खंड विकास अधिकारी अथवा अन्य संबंधित अधिकारी से संपर्क कर समस्या का समाधान कर सकते हैं। बैठक में जिला पंचायत राज अधिकारी, परियोजना निदेशक तथा ग्राम प्रधान संघ के अध्यक्ष एवं ग्राम प्रधान उपस्थित थे।