सुहवल(गाजीपुर)। सोमवार की सुबह पुलिस ने घेराबंदी कर फरार चल रहे एक चोर गिरोह के सदस्य को गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से चोरी के 10 हजार रुपये नकदी भी बरामद किया गया। उसे संबंधित धाराओं में चालान कर जेल भेज दिया गया।
सोमवार की सुबह एसओ समेत पुलिसकर्मी गश्त पर थे। इसी बीच सुबह करीब सात बजे मुखबिर से सूचना मिली की चोरी के मामले में वांछित अभिुयक्त मेदिनीपुर तिराहा के पास खड़ा है और कहीं भागने की फिराक में है। यह सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आ गई और तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस को देखते अभियुक्त भागने लगा। इस पर पुलिस ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके पास से दस हजार रुपये नकदी बरामद किया। इस संबंध में पुलिस ने बताया कि बीते 28 दिसंबर की रात क्षेत्र के इंद्रापुरा निवासिनी बुधिया देवी के घर में दीवाल के सहारे यह चोर घर में प्रवेश कर गया था। अटैची का ताला तोड़कर उसमें रखा हजारों नकदी निकाल लिया था। इसी बीच खट-पट की आवाज सुनकर पीड़िता की नींद टूट गई थी। जब वह कमरा से बाहर निकली तो चोर को भागते हुए देखा था। उसने चोर को पहचान लिया था और थाना में नामजद मुकदमा दर्ज कराया था। इसके बाद से इस चोर की तलाश जारी थी। उसके पास से दस हजार की जो नकदी बरामद हुई है, वह चोरी की है। बताया कि संबंधित धाराओं में अभियुक्त का चालान कर जेल भेज दिया गया।