मुहम्मदाबाद(गाजीपुर)। भाजपा के पूर्व विधायक स्व. कृष्णानंद राय के 13 वें शहादत दिवस के अवसर पर गुरुवार को शहीद पार्क में श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। इसमें उपस्थित लोगों ने स्व. राय एवं उनके साथ मृत हुए भाजपा नेताओं के चित्र पर पुष्प चढ़ा कर अपनी भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि संचार-रेल राज्यमंत्री मनोज सिन्हा ने स्व. कृष्णानंद राय एवं उनके साथ शहीद हुए श्यामा शंकर राय, रमेश राय, अखिलेश राय, शेषनाथ पटेल, मुन्ना यादव एवं निर्भय उपाध्याय को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि वह सभी लोग इस्लामिक आतंकवाद के चलते आज हमारे साथ नहीं हैं। मैं हर वर्ष इस हत्याकांड की लड़ाई का लेखा-जोखा देता हूं। यह मामला अब अंतिम चरण में है। मुझे लगता है कि जनभावनाओं का सम्मान करते हुए न्यायालय सभी दोषियों को सजा अवश्य देगी। प्रति वर्ष उनके शहादत दिवस पर उन्हें याद करने के लिए आप लोग यहां आते हैं। इससे हमारे संकल्प को ताकत मिलती है। जहां तक सवाल उनके नाम पर स्मारक बनाने का है तो मैं आपसे वादा करता हूं कि उनके नाम पर स्मारक तब बनेगा जब उनके अपराधियों को सजा मिल जाएगी। वह स्मारक सरकारी सहयोग पर मुझे मंजूर नहीं है, बल्कि यह आप सभी के सहयोग से तीन माह के अंदर बनकर तैयार हो जाएगा। प्रदेश के सहकारिता राज्यमंत्री उपेंद्र तिवारी ने कहा कि स्व. राय की शहादत से आतंकवाद के खिलाफ जो चिंगारी निकली वह आगे बढ़ते हुए प्रधानमंत्री के नेतृत्व में पूरे देश एवं दुनिया में आतंकवाद के खिलाफ अभियान के रूप में सामने आया है। सांसद भरत सिंह ने स्व. कृष्णानंद के नाम पर मुहम्मदाबाद में तहसील अथवा ब्लॉक में एक सभागार बनाए जाने की घोषणा की। स्व. राय की धर्मपत्नी स्थानीय विधायक अलका राय श्रद्धांजलि देते समय भावुक हो गईं। मुहम्मदाबाद की जनता का आभार प्रकट करते हुए कहा कि उन्होंने विधायक बना कर जो ताकत मुझे दी है। वह स्व. राय के प्रति उनके प्रेम एवं स्नेह का परिचायक है। इस लड़ाई को अंजाम तक पहुंचाने में राज्यमंत्री श्री सिन्हा के प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि मेरा पूरा परिवार उनका ऋृणी रहेगा। इस अवसर पर पूर्व मंत्री राजधारी सिंह, बैरिया के विधायक सुरेंद्र सिंह, सकलडीहा के विधायक सुशील सिंह, भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष दयाशंकर सिंह, पूर्व विधायक रामइकबाल सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष भानूप्रताप सिंह, काशी प्रांत के उपाध्यक्ष कृष्णबिहारी राय, अनिल सिंह, नागेंद्र पांडेय आदि ने श्रद्धांजलि अर्पित की। अध्यक्षता कैप्टन अनिरुद्ध राय एवं संचालन रामजी गिरी ने किया।