गाजीपुर। जिले की कानून-व्यवस्था की कमान संभालने वाले पुलिस अधीक्षक यशवीर सिंह बुधवार को पूरी तरह शिक्षक की भूमिका में दिखे। मौका था ‘अमर उजाला’ फाउंडेशन की ओर से आयोजित ‘पुलिस की पाठशाला’ का। शहर के राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय में हुए कार्यक्रम में श्री सिंह ने कानून का पाठ पढ़ाते हुए छात्रों को एक अच्छे नागरिक बनने की सलाह दी। कहा कि कानून का पालन करने और अच्छे रास्ते पर चलने से अच्छे समाज का निर्माण होता है। हमेशा गलत सोहबत से बचें। सुरक्षित यात्रा के लिए सभी को यातायात नियमों का पालन करने को कहा। छात्राओं को अलग-अलग कई टिप्स दिए। नियम-कानून की जानकारी करना ही काफी नहीं है, बल्कि उसका पालन करना उससे भी ज्यादा जरूरी है। यही एक अच्छे नागरिक का फर्ज भी है।
महिलाओं पर अपराध की बढ़ती घटनाओं की चर्चा करते हुए पुलिस अधीक्षक ने कहा कि सरकार महिलाओं की सुरक्षा और उन्हें त्वरित सहायता उपलब्ध कराने के लिए तमाम जतन कर रही है। डायल-100, 1090 तथा एंटी रोमियो स्क्वाएड आदि के बार में जानकारी देते हुए बताया कि डायल-100 पर सूचना देने के 10 से 15 मिनट के भीतर पुलिस मौके पर पहुंचती है और त्वरित कार्रवाई करती है। छेड़खानी और फब्तियां कसने, छात्राओं और महिलाओं को परेशान करने वाले मनचलों पर लगाम कसने के लिए एंटी रोमियो स्क्वाड निरंतर जनपद में भ्रमणशील है। पुलिस महिला उत्पीड़न एवं अन्य मामलों को लेकर काफी गंभीर है। हम जनता के सहयोग के लिए हर समय आंखें खुली रखते हैं। साइबर क्राइम की चर्चा करते हुए कहा कि किसी पर जरूरत से ज्यादा विश्वास न करें। उससे मोबाइल पर गोपनीय चीजें साझा न करें। कई बार गोपनीय बातें और फोटो साझा करने पर मुसीबत खड़ी हो जाती है। ऐसे में इनका आदान-प्रदान बहुत सोच-समझ कर करना चाहिए। महिला अपराध से संबंधित विभिन्न धाराओं से अवगत कराते हुए कहा कि अत्याचार सहना भी गलत है। देश और समाज के विकास को लेकर महिलाओं का सशक्त होना जरूरी है। अध्यक्षता कर रही महाविद्यालय की प्राचार्य प्रो. सविता भारद्वाज ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि जिस तरह हमें अपने अधिकार जानना जरूरी है, उसी प्रकार कानून की जानकारी भी रखना आवश्यक है। इससे पहले मुख्य अतिथि पुलिस अधीक्षक एवं महाविद्यालय की प्राचार्य ने दीप प्रज्ज्वलित कर एवं मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। महाविद्यालय की संगीत विभाग की छात्राओं पूजा मिश्रा, राधिका यादव, माया, अंशिका और कुमकुम ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत की। संचालन वेलफेयर क्लब के अध्यक्ष डॉ. शरद वर्मा ने किया। इस अवसर पर डॉ. अनीता कुमारी, डॉ. विकास सिंह, संतन राम, शिवकुमार, डॉ. अमित यादव, डॉ. शशिकला जायसवाल, डॉ. सत्येंद्र सिंह, वेलफेयर क्लब के पीआरओ अविनाश आनंद एवं सचिव धर्मेंद्र कुमार आदि उपस्थित थे।