गाजीपुर। नगरीय निकाय के निर्वाचित सदस्यों में से जिला योजना समिति के सदस्यों के चुनाव के लिए मंगलवार को नामांकन का कार्य संपन्न हुआ। इस दौरान दोनों पदों के लिए कुल सात उम्मीदवारों की तरफ से पर्चा दाखिल किया गया। दोपहर बाद नामांकन पत्रों की जांच में सभी के पर्चे वैध पाए गए। नामांकन के चलते क्षेत्रीय ग्राम्य विकास संस्थान परिसर में गहमा-गहमी रही।
नगरीय निकायों के निर्वाचित सदस्यों में से दो सदस्यों का वर्गवार (एक अन्य पिछड़ा वर्ग एवं एक अनारक्षित महिला) निर्वाचन जिला योजना समिति के लिए कराया जा रहा है। इस चुनाव के तहत आज दिन में 11 से 4 बजे तक नामांकन का कार्य हुआ। जिला निर्वाचन कार्यालय (पंचस्थानीय) के अनुसार दोनों पदों के लिए सात उम्मीदवारों की तरफ से पर्चा दाखिल किया गया। अनारक्षित महिला वर्ग से मुहम्मदाबाद की संगीता एवं जमानिया से प्रेमलता ने नामांकन किया। अन्य पिछड़ा वर्ग से गाजीपुर के गोपालजी वर्मा, परवेज आलम, अनिल, मुहम्मदाबाद से राकेश सिंह यादव एवं जंगीपुर से श्रवण कुमार ने पर्चा दाखिल किया। 24 मार्च को दिन में 11 से 3 बजे तक नाम वापस हो सकेगा। 28 मार्च को सुबह 8 से 3 बजे तक मतदान एवं उसके बाद मतगणना होगी। नाम निर्देशन पत्रों की प्राप्ति, जांच, उम्मीदवारी वापस लेने तथा मतदान एवं मतगणना का कार्य क्षेत्रीय ग्राम्य विकास संस्थान में कराया जाएगा।