आधार कार्ड बनवाने के लिए अब परेशान नहीं होना पड़ेगा। अब लोग इसे डाकघर से भी बनवा सकेंगे। इसके लिए वाराणसी परिक्षेत्र के 137 डाकघरों के साथ ही जिले के 23 डाकघरों का चयन किया गया है। डाकघरों में आधार पंजीकरण केंद्र को संचालित करने की कवायद जोरों पर चल रही है। माह के अंत तक लोगों को इन केंद्रों से आधार नामांकन और अद्यतनीकरण सेवा मिलने लगेगी।
सरकार की ओर से विभिन्न योजनाओं में आधार कार्ड को अनिवार्य बना दिया गया है। इसके चलते इसकी महत्ता काफी बढ़ गई है। बड़ी संख्या में लोगों की तरफ से आधार कार्ड बनवाया गया है, जबकि अभी भी बड़ी संख्या में लोग विशेषकर युवा आधार कार्ड से वंचित हैं। विभिन्न कार्यों में इस कार्ड के महत्व को देखते हुए इसे बनवाने के लिए संबंधित केंद्रों पर लोगों की भीड़ उमड़ रही है। इस दौरान लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। लोगों की इसी परेशानी को गंभीरता से लेते हुए सरकार डाकघरों में स्थायी आधार पंजीकरण केंद्र खोल रही है। इसके तहत वाराणसी परिक्षेत्र के 137 डाकघरों के साथ जिले के 23 डाकघरों का चयन किया गया है। जिले के जिन डाकघरों का चयन किया गया है, उनमें प्रधान डाकघर, पीरनगर उपडाकघर, मुहम्मदाबाद, मरदह, दिलदारनगर, सतरामगंज बाजार, जमानिया, सैदपुर, सादात, जखनिया एवं गहमर आदि शामिल हैं। वाराणसी परिक्षेत्र के अन्य जिलों के डाकघरों में वाराणसी पूर्व में 27, पश्चिम में 35, जौनपुर के 28 और बलिया के 24 डाकघरों में आधार पंजीकरण केंद्र खुलेंगे। इन केंद्रों पर आधार नामांकन के साथ ही अद्यतनीकरण सेवा उपलब्ध होगी। इसके लिए जिले को आधार एनरोलमेंट किट उपलब्ध हो गई है। इसे डाकघरों में इंस्टाल करने का काम किया जा रहा है। मास्टर ट्रेनरों की तरफ से कर्मचारियों को प्रशिक्षण देने का कार्य किया जा रहा है।
11 केंद्रों के कर्मचारियों को आधार कार्ड दक्षता प्रमाणपत्र प्राप्त हो चुका है। केंद्रों का संचालन इस माह से शुरू हो जाएगा। - प्रभाकर त्रिपाठी, डाक अधीक्षक