सैदपुर (गाजीपुर)।
औड़िहार जंक्शन पर 26 जनवरी (गणतंत्र दिवस) के अवसर पर विशेष अलर्ट के तहत आरपीएफ और जीआरपी ने आधा दर्जन से ज्यादा यात्री ट्रेनों सहित यात्री विश्राम घरों और प्लेटफार्मों की सघन जांच की। इस दौरान यात्रियों और वेंडरों को जागरूक करने के लिए उनके साथ बैठक कर यात्रा के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों के संबंध में बताया।
बुधवार को औड़िहार स्टेशन के आरपीएफ प्रभारी निरीक्षक नरेश कुमार मीणा के नेतृत्व में यात्री जागरूकता एवं जांच अभियान चला। इस दौरान विभिन्न यात्री ट्रेनों में जांच के साथ ही यात्रियों को ट्रेन में यात्रा करने के क्रम में सतर्कता के टिप्स दिए गए। इसी क्रम में स्टेशन के विभिन्न प्लेटफार्मों और यात्री विश्राम स्थल पर ध्वनि विस्तारक यंत्र के माध्यम से सावधानी बरतने एवं अंजान अपरिचित लोगों से खाद्य-सामग्री न लेने सहित संदिग्ध व्यक्तियों के बारे में सूचना देने के लिए मोबाइल नंबर उपलब्ध कराए गए। जंक्शन के वेंडरों की बैठक आरपीएफ थाना में हुई। इसमें संदिग्ध व्यक्तियों और वस्तुओं पर विशेष नजर रखने के लिए ताकीद किया गया।