गाजीपुर। इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय की ओर से कामन सर्विस सेंटर के जरिए इग्नू के कार्यक्रम के लिए आनलाइन सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए पीजी कालेज स्थित इग्नू अध्ययन केंद्र पर कार्यशाला का आयोजन शुक्रवार को किया गया। शुभारंभ सहायक क्षेत्रीय निदेशक द्वय डा. संजय कुमार एवं डा. एसके पांडेय ने दीप प्रज्जवलन कर किया।
इस अवसर पर डा. पांडेय ने बताया कि इग्नू देश का पहला कैशलेस विश्वविद्यालय है। इसकी सभी गतिविधियां मसलन प्रवेश, पुन: पंजीकरण एवं परीक्षा फार्म भरना आनलाइन कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि उक्त के आलोक में सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय एवं इग्नू के मध्य हुए करार के तहत यह सभी सेवाएं कामन सर्विस सेंटर के जरिए दी जानी है। डा. संजय कुमार ने इग्नू के विभिन्न कार्यक्रमों एवं दूरस्थ शिक्षा पर विस्तार से प्रकाश डाला। कामन सर्विस सेंटर के जिला प्रबंधक तौसीफ अहमद ने कहा कि सेंटर के जरिए हम ज्ञान के इस यज्ञ में अपना भरपूर योगदान दे सकेंगे। इससे पहले केंद्र के समन्वयक डा. समरबहादुर सिंह ने अध्ययन केंद्र की गतिविधियों पर प्रकाश डाला। कार्यशाला में धर्मराज सिंह, डा. बद्रीनाथ सिंह, डॉ. पियूष कांत सिंह, प्रदीप कुमार सिंह, राहुल सिंह, अरुण कुशवाहा आदि उपस्थित थे। अध्यक्षता कालेज के प्राचार्य डा. अशोक कुमार सिंह एवं अंत में जिला एनआईसी प्रबंधक शिवानंद उपाध्याय ने आभार व्यक्त किया।