गाजीपुर। राष्ट्रीय माध्यमिक शिक्षा अभियान के तहत जिले में संचालित 16 राजकीय हाईस्कूलों में गठित विद्यालय प्रबंधन एवं विकास समिति के सदस्यों का प्रशिक्षण कार्यक्रम 26 दिसंबर से शुरू हो रहा है। इस प्रशिक्षण को संपन्न कराने के लिए दो मास्टर ट्रेनर्स को प्रदेश स्तर पर प्रशिक्षित किया जा चुका है। इस संबंध में जिला विद्यालय निरीक्षक नरेंद्रदेव का निर्देश संबंधित सभी विद्यालयों को भेजा जा चुका है।
राष्ट्रीय माध्यमिक शिक्षा अभियान कार्यालय से प्रशिक्षण का कार्यक्रम सभी विद्यालयों को उपलब्ध कराया जा रहा है। प्रशिक्षण का कार्यक्रम प्रत्येक चयनित विद्यालय पर दो दिन चलेगा। प्रशिक्षण देने की जिम्मेदारी प्रदेश स्तर पर प्रशिक्षित प्रशिक्षक एवं राजकीय हाईस्कूल सौरी के प्रधानाचार्य रामअवतार यादव और राजकीय हाईस्कूल खानपुर के शिक्षक गोपीनाथ मौर्या को निभानी है। प्रशिक्षण के संबंध में प्रशिक्षक रामअवतार यादव ने बताया कि प्रशिक्षण के लिए चिन्हित किए गए सभी विद्यालयों में विद्यालय प्रबंधन एव विकास समिति (एसएमडीसी) का गठन किया जा चुका है। इस समिति के दस सदस्यों को इस प्रशिक्षण के माध्यम से प्रशिक्षित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण के दौरान सदस्यों को विद्यालय के विकास से संबंधित सभी मुद्दों पर चर्चा करके उसकी जानकारी उन्हें दी जाएगी। विद्यालय के विकास में समिति के सदस्यों का सहयोग किस प्रकार लिया जा सकता है मुद्दे पर भी प्रशिक्षण पर चर्चा करके सुझाव लिए जाएंगे। प्रशिक्षित होने के बाद समिति के सदस्य विद्यालय के पठन-पाठन से लेकर उपस्थिति एव निर्माण कार्य की पूछताछ कर आवश्यक सुझाव दे सकते हैं। उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण का जो कार्यक्रम तैयार किया गया है उसके मुताबिक कुल आठ चक्रों में 16 विद्यालयों का प्रशिक्षण पूर्ण किया जाएगा। प्रशिक्षण 26 दिसंबर से शुरू होकर 16 जनवरी को संपन्न होगा। राजकीय हाईस्कूल सौरी और खानपुर का प्रशिक्षण 26 से 27 दिसंबर, भिक्खेपुर और मौधा का प्रशिक्षण 29 एवं 30 दिसंबर, सहेड़ी और मखदूमपुर का प्रशिक्षण 1 एवं 2 जनवरी, बहलोलपुर एवं कटरिया का प्रशिक्षण 5 एवं 6 जनवरी, सदरजहांपुर एवं बयेपुर देवकली 8 एवं 9 जनवरी, बिरनो एवं रेवतीपुर का प्रशिक्षण 10 एवं 11 जनवरी, मधुबन एवं गोड़ी का प्रशिक्षण 12 से 13 जनवरी तक चलेगा। आखरी चक्र का प्रशिक्षण 15 एवं 16 जनवरी को संपन्न होगा।