दिलदारनगर (गाजीपुर)।
थाना क्षेत्र के बहुअरा गांव में हुए छात्रा अर्चना हत्याकांड में फरार चल रहे दो आरोपियों को पुलिस ने घटना के छठे दिन बुधवार को भक्सी बड़ी नहर पुलिया से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने दोनों आरोपियों का चालान कर जेल भेज दिया।
पुलिस ने बताया कि सुबह साढ़े नौ बजे मुखबिर से सूचना मिली कि भक्सी गांव स्थित बड़ी नहर पुलिया के पास मृतक छात्रा अर्चना हत्याकांड के दो आरोपी कहीं भागने की फिराक में खड़े थे। मुखबिर की सूचना पर सक्रिय हुई पुलिस टीम थाना प्रभारी निरीक्षक अखिलेश कुमार त्रिपाठी के नेतृत्व में मौके पर पहुंच गई। पुलिस को देख दोनों आरोपी भागने का प्रयास करने लगे लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को धर दबोचा। पुलिस की पूछताछ में दोनों हत्यारोपियों ने अपना नाम अजय रावत और अमित रावत निवासी बहुअरा बताया। पुलिस दोनों को गिरफ्तार कर थाने ले आई। इसके बाद, दोनों का चालान कर जेल भेज दिया। मालूम हो कि पकड़ा गया एक आरोपी अमित रावत दो वर्ष पहले एक नाबालिग के साथ दुष्कर्म के मामले में जेल गया था। वह आठ माह बाद जेल से छूटकर आया था। मालूम हो कि बीते 24 नवंबर को दिलदारनगर स्थित कुश स्मारक उच्चतर माध्यमिक बालिका विद्यालय से छुट्टी होने के बाद अपने घर बहुअरा जा रही छात्रा अर्चना की चाकू मारकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में एक आरोपी को पुलिस ने घटना के दूसरे दिन ही जेल भेज दिया था। जबकि दो आरोपी खुलेआम घूम रहे थे।