जमानिया(गाजीपुर)। निकाय चुनाव का जैसे-जैसे समय नजदीक आ रहा है। सभी प्रत्याशियों की चाल तेज हो गई है। चुनावी मैदान में उतरे सभी दलों के प्रत्याशियों ने वोटरों को अपने पक्ष में करने के लिए प्रचार अभियान तेज कर दिया है। निर्दल प्रत्याशी भी जीत हासिल करने में कोई कोर कसर नहीं छोड़ना चाहते हैं।
भाजपा, सपा, बसपा, कांग्रेस के प्रत्याशियों के अलावा छह प्रत्याशी निर्दल हैं। निर्दल प्रत्याशी प्रत्येक वार्डों में अपना मजबूत उपस्थिति बनाए हुए है। उनकी बन रही मजबूत स्थिति से दलों का गणित गड़बड़ हो रहा है। राजनीत के पंडित यह कहने में असमर्थ है कि कौन आसानी से जीत रहा है। ऊंट किस करवट बैठेगा यह तो मतगणना के दिन ही पता चलेगा। मौन वोटर और प्रबुद्ध वोटर अपनी चुप्पी नहीं तोड़ रहे हैं। जिससे मतदाताओं के मिजाज को समझने में प्रत्याशियों को कड़ी मेहनत करनी पड़ रही है। इस चुनाव में जहां एक ओर तीन बार से नगर पालिका अध्यक्ष पद पर काबिज परिवार की साख दांव पर लगी है। सत्ताधारी दल के स्थानीय विधायक सुनीता सिंह और सदर विधायक संगीता बलवंत की साख भी इस निकाय चुनाव में फंसी हुई है। सपा के कद्दावर नेता भी चुनाव में पार्टी के उम्मीदवार अनिल यादव को जीत दिलाने के लिए कार्यकर्ता और पदाधिकारी प्रचार प्रसार में जुटे हैं। सपा से पूर्व सांसद राधे मोहन सिह, जंगीपुर विधायक विरेंद्र यादव निकाय चुनाव में खासी रुचि ले रहे है और प्रत्याशी को जीत की कुर्सी पर बैठाने के लिए अपने संबंधों को भुना रहे है।