औड़िहार। एक तरफ जहां प्रदेश सरकार ने ग्रामीण क्षेत्रों में 18 घंटे बिजली आपूर्ति का फरमान जारी किया है, वहीं क्षेत्र के गैबीपुर गांव में 24 घंटे में केवल छह घंटे ही लोगों को बिजली का दर्शन हो रहा है। इससे जहां लोग भीषण गर्मी में परेशान हो रहे हैं, वहीं खेती का काम भी प्रभावित हो रहा है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि अगर समय रहते आपूर्ति में सुधार नहीं हुआ तो वह विद्युत उपकेंद्र का घेराव करने को बाध्य होंगे।
इसे लेकर किसान नेता अजय सिंह, मुन्ना सिंह, रामकृपाल पांडेय आदि ने आरोप लगाया कि उपकेंद्र पर तैनात कर्मी मनमाने ढंग से आपूर्ति कर रहे हैं। उनकी तरफ से कभी फाल्ट तो कभी उपकेंद्र में खराबी दिखाकर घंटों आपूर्ति ठप कर दी जा रही है। इनकी मनमानी का आलम यह है कि एक तरफ जहां प्रदेश सरकार ने ग्रामीण क्षेत्रों में 18 घंटे बिजली आपूर्ति का आदेश जारी किया है। वहीं गैबीपुर गांववासियों को 24 घंटे में छह घंटे ही बिजली मिल रही है। इससे भीषण गर्मी में लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बिजली के अभाव में कूलर-पंखा न चल पाने से लोग रात में चैन की नींद नहीं सो पा रहे हैं। अनापूर्ति का खराब असर खेती के कार्य पर भी पड़ रहा है। सिंचाई के अभाव में फसल सूख रही है। आपूर्ति के संबंध में जब अधिकारियों को फोन मिलाया जाता है तो वह मोबाइल उठाना संभव नहीं समझते है। चेतावनी दी कि अगर समय रहते आपूर्ति में सुधार नहीं हुआ तो ग्रामीण विद्युत उपकेंद्र का घेराव करने को विवश होंगे। इस संबंध में एसडीओ ओपी सिंह ने बताया कि तीन-चार दिनों से विद्युत तारों और उपकेंद्र में मरम्मत का कार्य चल रहा है। इसकी वजह से खास तौर से रामपुर, सिधौना एवं खानपुर के फीडरों को डबल करके चलाया जा रहा है। इसकी वजह से गैबीपुर सहित अन्य गांवों को पर्याप्त बिजली नहीं मिल पा रही है। दो-तीन दिन में आपूर्ति में सुधार हो जाएगा।