जमानिया। क्षेत्र के हेतिमपुर गांव स्थित पूर्व माध्यमिक विद्यालय परिसर में शुक्रवार को एक कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर स्थानीय विधायक सुनीता सिंह ने करीब 399 किसानों को फसल ऋण मोचन योजना के तहत ऋण माफी प्रमाण पत्र वितरित किया। इस अवसर पर श्रीमती सिंह ने कहा कि फसल ऋण माफी योजना के क्रियान्वयन के लिए कृषि विभाग को नोडल विभाग नामित किया गया है।
प्रदेश सरकार ने लघु और सीमांत किसानों के फसली ऋण माफी की एक कार्ययोजना बनाई है। सरकार राज्य के सभी लघु एवं सीमांत किसानों की ओर से 31 मार्च 2016 तक लिए गए फसली ऋणों के सापेक्ष वित्तीय वर्ष 2016-17 में उनके फसली ऋण को एक लाख रुपये की सीमा तक माफ कर दिया है। कहा कि लघु एवं सीमांत किसानों की उन्नति और समृद्धि होगी तथा प्रदेश में विकास के नए आयाम स्थापित होंगे। सरकार ने अपने कार्यो से यह सिद्ध कर दिया कि यह सरकार किसानों के हितों के लिए कार्य कर रही है। पूरे कार्यक्रम के दौरान भाजपा सरकार द्वारा कराए गए कार्यो की उपलब्धियां गिनाई गई। इस मौके पर उप कृषि निदेशक यूपी सिंह, जिला कृषि अधिकारी मृत्युंजयकुमार सिंह, उपजिलाधिकारी सत्यप्रकाशमिश्रा, एसओ राजाराम, रमाशंकर सिंह, मिथिलेश सिंह, अश्विनी सिंह, तेज बहादुर सिंह, तारकेश्वर वर्मा, संतोष वर्मा, धर्मेंद्र सिंह, बालमुकुंदपांडेय, बंटी तिवारी आदि उपस्थित थे।