सुहवल (गाजीपुर)। थाना क्षेत्र के भगीरथपुर गांव में जले ट्रांसफार्मर को बदलने के बाद दबंगों द्वारा इसके लिए एक कनेक्शनधारी से पैसे मांग की गई। कनेक्शनधारी द्वारा देने से इंकार करने पर दबंगों ने यह कहते हुए उसका कनेक्शन काट दिया कि जब तक पैसा नहीं दोगे, तब तक तुम्हारा कनेक्शन नहीं जुड़ेगा। इसकी वजह से पीड़ित का परिवार तीन दिनों से अंधेरे में है। पीड़ित ने इस संबंध में थाना के साथ ही विद्युत विभाग के अधिकारी को पत्र देकर मामले की शिकायत की है।
भगीरथपुर गांव निवासी रूपनारायन सिंह यादव ने आरोप लगाया कि गांव के पूरब तरफ हनुमान मंदिर के पास लगा 63 केवीए का ट्रांसफार्मर कुछ दिन पहले जल गया था। ग्रामीण द्वारा अवगत कराने पर विभाग ने दो दिन पूर्व दूसरा ट्रांसफार्मर लगवाकर आपूर्ति बहाल कर दी। इसके बाद गांव के ही कुछ दबंग लोग उससे खुद ट्रांसफार्मर को लगवाने की बात कहते हुए पैसे की मांग करने लगे। पैसा देने से इंकार किया तो गाली-गलौज करते हुए उसके कनेक्शन के केबिल को जबरदस्ती काट दिया। मैंने कनेक्शन न काटने की गुहार लगाते हुए दबंगों को कनेक्शन की रसीद भी दिखाई, लेकिन उन लोगों ने मेरी न एक सुनी। इस भीषण गर्मी में तीन दिन से मेरा परिवार अंधेरे में रहने को विवश है। बताया कि मैने इसकी लिखित शिकायत सुहवल थाना सहित विभागीय अधिकारियों के यहां की है। इस संबंध में थाना के प्रभारी निरीक्षक यादवेंद्र पांडेय ने बताया कि इस मामले में कोई शिकायती पत्र अभी तक नहीं मिला है। अगर मिला तो संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। जमानियां विद्युत उपखंड के एसडीओ (सीनियर डिवीजन अधिकारी) वीके राव ने बताया कि उन्हें इस मामले में पीड़ित कनेक्शनधारी की तरफ से लिखित शिकायती पत्र मिला है। इसकी जांच जारी है। जांच के बाद दोषी पाए जाने पर आरोपितों के खिलाफ विद्युत अधिनियम के तहत सरकारी कार्यों में बाधा सहित अन्य विभिन्न सुसंगत धाराओं में कार्रवाई की जाएगी।