जमानिया/दिलदारनगर (गाजीपुर)। दानापुर रेल प्रखंड के धीना स्टेशन के पास गुरुवार की देर रात किसी ट्रेन की जद में आने से एक वृद्ध की मौत हो गई। सूचना पर शुक्रवार की सुबह मौके पर पहुंची जीआरपी ने शव को कब्जे में ले लिया। बाद में शव का पंचनामा कर परिवार वालों को सौंप दिया गया।
दानापुर रेल प्रखंड के धीना रेलवे स्टेशन के पास डाउन ट्रैक पर आज सुबह लोगों ने एक वृद्ध का शव देखा। कुछ ही देर मौके पर ग्रामीणों की भीड़ एकत्र हो गई। भीड़ में खड़ा हर कोई मृतक की पहचान करने में जुट गया। पहचान न होने पर लोगों ने इसकी सूचना स्टेशन मास्टर को दी। धीना स्टेशन मास्टर ने तत्काल दिलदारनगर जीआरपी को मेमो भेजकर घटना से अवगत कराया। सूचना मिलते ही दिलदारनगर जीआरपी प्रभारी केदारनाथ मौर्य पुलिस कर्मियों के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। मृतक की जेब से मिले कागजात से उसकी शिनाख्त चंदौली जिले के धीना थाना क्षेत्र के जलालपुर गांव निवासी प्यारेलाल (60) के रूप में हुई। जीआरपी ने घटना की जानकारी मृतक के परिवार वालों को दी। सूचना मिलने के बाद परिवार के लोग मौके पर पहुंचे। प्यारेलाल के शव पर नजर पड़ते ही परिजन चीखने और रोने लगे। दिलदारनगर जीआरपी प्रभारी केदारनाथ मौर्य परिजनों की उपस्थिति में शव का पंचनामा कराकर शव परिवार वालों को सौंप दिया।