गाजीपुर। जिले में चल रहे वन महोत्सव के तहत पौधरोपण का क्रम बना हुआ है। विभिन्न स्थानों पर पौधे लगाए जा रहे है। आयोजित कार्यक्रमों में वक्ताओं ने कहा कि हरियाली के बिना जीवन की कल्पना नहीं की जा सकती है। सभी लोगों को पौधरोपण के लिए आगे आना चाहिए। जिले के बेटाबर ग्राम पंचायत में गांव में खाली पड़ी जमीनों पर 1246 पौधे लगाए गए। ग्राम विकास सचिव अरुण कुमार पांडेय ने बताया कि इन पौधों में जामुन, शीशम, सागौन, शरीफा, अमरुद आदि के पौधे शामिल हैं। कहा कि अगर हर व्यक्ति प्रकृति को लेकर संवेदनशील हो जाय तो आपदाओं को कम किया जा सकता है। सबसे जरूरी है क्षेत्र को हरा भरा बनाना। इसी क्रम में ग्राम प्रधान सुरेश यादव ने बताया कि ग्राम पंचायत में रोपे गए सभी पौधों की रखवाली करना ग्राम सभा के सभी सदस्यों की जिम्मेदारी है। पौधे पुत्र के समान होते हैं। इनकी रक्षा से ही हम लोग का भविष्य सुखमय रहेगा।