मुहम्मदाबाद/भांवरकोल(गाजीपुर)। गाजीपुर-हाजीपुर राष्ट्रीय राजमार्ग-31 पर मंगलवार की सुबह भांवरकोल थाना क्षेत्र के पखनपुरा गांव के पास साइकिल सवार को बचाने में एक पिकअप अनियंत्रित होकर पलट गई। इससे बच्चे का मुंडन कराने जा रहे करीब 19 लोग चुटहिल हो गए। सभी को उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मुहम्मदाबाद में भर्ती कराया गया। जबकि गंभीर रूप से घायल छह लोगों को चिकित्सक ने जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया।
रेवतीपुर थाने के स्थानीय गांव निवासी रघुवर राम के बेटे का मुंडन संस्कार कराने के लिए परिवार के सदस्य बलिया जनपद के नारायणपुर स्थित मंगला भावानी मंदिर जा रहे थे। इसी बीच सुबह करीब आठ बजे जैसे ही पिकअप भांवरकोल के पखनपुरा के पास पहुंची, सामने से आ रहे साइकिल सवार को बचाने में अनियंत्रित हो सड़क किनारे पलट गई। वाहन में फंसे लोग चीख-पुकार करने लगे। उनकी आवाज सुनकर आस-पास मौजूद लोग दौड़कर मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूूचना देने के बाद सभी को एक-एक कर वाहन से बाहर निकाला। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मुहम्मदाबाद भेजवाया। घायलों में रेवतीपुर निवासी रीता (40),विंदा देवी (50), चंद्रावती (50), किस्मती (70), अंकिता (19), मीरा (35), सुशीला (50), अनुपी (60), कुुंती (40), मालती (35), शकुंतला (50), रेश्मी (50), पुष्पा (35), मिंता (35), मीना (40), सत्यम (3), पूजा (35), सपना (10) एवं शेरपुर खुर्द निवासी साइकिल सवार शिवप्रसाद (70) शामिल रहे। घटना की जानकारी मिलते ही घायलों के परिवार के लोग समुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंच गए, जहां चिकित्सक के कहने पर गंभीर रूप से घायल लगभग छह लोगों को बेहतर इलाज के लिए जिला चिकित्सालय ले जाया गया।