गाजीपुर। जनपद में संचालित प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालयों के बच्चों की वार्षिक परीक्षा दूसरे दिन मंगलवार को भी अव्यवस्थाओं के बीच संपन्न हुई। कई विद्यालयों के बच्चे झुंड में बैठकर लिखते मिले। निरीक्षण टीम के सदस्यों ने जहां खामियां देखी, वहां के कक्ष निरीक्षक और प्रधानाध्यापक को हिदायत दी।
परीक्षा के दूसरे दिन प्राथमिक स्तर पर सुबह की पाली में गणित और दूसरी पाली में हमारा परिवेश की परीक्षा संपन्न हुई। इस स्तर पर होने वाली परीक्षा में ढेर सारी खामियां मिली। ग्रामीण क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों में कक्षा-एक और दो के बच्चे झुंड में बैठकर और एक-दूसरे की नकल करते रहे। कक्षा-तीन से लेकर पांच तक के बच्चे लाइन मे बैठे थे। उच्च प्राथमिक स्तर पर सुबह की पाली में गणित और दूसरी पाली में खेल एवं स्वास्थ्य की परीक्षा हुई। ब्लाक स्तर पर गठित बीआरसी समन्वयकों एवं सह समन्वयकों की टीम ने अपने-अपने ब्लाक के कम से कम दस-दस विद्यालयों का निरीक्षण करके नकल रोकने का प्रयास किया। खामियां मिलने पर इसकी रिपोर्ट जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को भी प्रेषित किया। सादात ब्लाक के उच्च प्राथमिक विद्यालय सादात का निरीक्षण खंड शिक्षाधिकारी राजेश कुमार सिंह और सह समन्वयक सुभाष सिंह यादव और प्रधानाध्यापक रामेश्वर यादव ने संयुक्त रूप से किया। इस केंद्र पर नकल विहीन परीक्षा होते देखकर प्रसन्नता जाहिर की।