गाजीपुर। जनसमस्याओं के त्वरित निस्तारण के लिए संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन जिले की सभी तहसीलों में मंगलवार को हुआ। सातों तहसीलों में 501 आवेदन प्राप्त हुए। इसमें 20 आवेदन पत्रों का मौके पर निस्तारण किया गया।
सदर तहसील में मुख्य संपूर्ण समाधान दिवस जिलाधिकारी के बालाजी की अध्यक्षता में आयोजित हुआ। इसमें 98 आवेदन पत्रों में मौके पर 10 का निस्तारण किया गया। जिलाधिकारी ने प्राप्त शिकायतों को एक सप्ताह के भीतर संबंधित अधिकारी को जांच के बाद निष्पक्ष निस्तारण कराने का निर्देश दिया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक अरविंद चतुर्वेदी, उपजिलाधिकारी सदर सत्यप्रिय सिंह, एसओसी एसके शुक्ला, मुख्य चिकित्साधिकारी डा. जीसी मौर्य, संबंधित थानाध्यक्ष, तहसीलदार एवं अन्य जिलास्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।
सैदपुर संवाददाता के अनुसार उपजिलाधिकारी वेदप्रकाश मिश्रा की अध्यक्षता में 96 आवेदन पत्रों में तीन का मौके पर निस्तारण किया गया। कासिमाबाद संवाददाता के अनुसार तहसील में उपजिलाधिकारी मंशाराम वर्मा की अध्यक्षता में 49 आवेदन पत्र प्राप्त हुए। जिसमें निस्तारण शून्य रहा। मुहम्मदाबाद संवाददाता के अनुसार तहसील में उपजिलाधिकारी राजेश कुमार गुप्ता की अध्यक्षता में 107 आवेदन पत्रों में पांच का निस्तारण किया गया। सेवराई संवाददाता के अनुसार तहसील में उपजिलाधिकारी विक्रम सिंह की अध्यक्षता में 40 आवेदन मिले, जिसमें कोई भी मामला निस्तारित नहीं हुआ। जमानिया संवाददाता के अनुसार तहसील में उपजिलाधिकारी रमेश मौर्या की अध्यक्षता में 53 आवेदन पत्रों में निस्तारण शून्य रहा। जखनिया संवाददाता के अनुसार उपजिलाधिकारी अभय कुमार मिश्रा की अध्यक्षता में 58 आवेदन पत्र प्राप्त हुए, जिसमें दो का मौके पर निस्तारण किया गया।