गाजीपुर। नगर के लालदरवाजा और पचरस्ता से झुन्नूलाल चौराहा जाने वाले मार्ग पर नाला खुला होने से आवागमन करने वालों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। तेज बाइक सवार आए दिन घबराहट में ब्रेक लगाने पर गिरकर घायल हो रहे हैं। समय रहते इस नाला को नहीं ढका गया तो यह किसी बड़ी दुर्घटना का सबब बन सकता है।
नगर के लालदरवाजा और पचरस्ता से बड़ी संख्या में लोगों का झुन्नूलाल चौराहा जाने वाले मार्ग पर आवागमन होता है। कुछ दिन पहले लालदरवाजा से इस मार्ग का निर्माण कार्य शुरु किया गया है। इससे बांस लगाकर वाहनों का आवागमन बंद कर दिया गया है। अब लोग पचस्सा मुहल्ला में स्थित मार्ग से आवागमन करते हुए झुन्नूलाल चौराहा, महुआबाग, महाजनटोली, गोलाघाट, मियापुरा आदि मुहल्लों के लिए आ-जा रहे हैं। झुन्नूलाल चौराहा से पहले एक मार्बल की दुकान के पास सड़क के बीचोबीच स्थित नाला का तीन पटिया हुआ है। इसकी वजह से आवागमन करने वालों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। तेज बाइक सवारों की अचानक जैसे ही खुला नाला पर नजर पड़ रही है, वह घबराहट में वाहन का ब्रेक लगा दे रहे हैं, जिससे या तो अनियंत्रित होकर गिरकर घायल हो जा रहे है या फिर गिरते-गिरते बच रहे हैं। नाला की गहराई इतनी है कि उसमें बाइक भी समा सकती है। इस खतरनाक नाला के पास से छोटे-छोटे बच्चों का भी स्कूल आना-जाना होता है। इसके साथ ही भोर में बड़ी संख्या में महिला-पुरुष कलेक्टर घाट गंगा स्नान के लिए जाते है, इससे उन पर भी खतरा मंडरा रहा है। इस संबंध में नगरपालिका के अधिशासी अधिकारी उमेशचंद ने बताया कि इस मार्ग का निर्माण कार्य चल रहा है। जल्द ही नाला को ढकवा दिया जाएगा।