गाजीपुर। नगर के बड़ीबाग स्थित कांशीराम आवास में रहने वाले लोगों ने रविवार को संचार-रेल राज्यमंत्री मनोज सिन्हा से मिल कर आवास की बिजली आपूर्ति बहाल करने की गुहार लगाई। श्री सिन्हा ने समस्या के समाधान का आश्वासन दिया।
दिए गए पत्रक में उन्होंने कहा है कि उक्त आवास में रहने वाले सभी लोग गरीबी रेखा से नीचे जीवन-यापन करते हैं। उक्त आवास की बिजली सप्लाई विभाग द्वारा बिना कोई नोटिस एवं सूचना दिए छह फरवरी को काट दी गई। हम लोगों को विभाग द्वारा कोई बिल नहीं दिया गया था, जिससे हम उसका भुगतान करें। विद्युत बिल जमा करने की बात कहते हुए विभाग ने कनेक्शन काट दिया। बिजली आपूर्ति चालू करने के लिए हम लोग विभागीय अधिकारियों के साथ ही जिलाधिकारी से पत्र तथा मौखिक गुहार लगा चुके हैं, लेकिन किसी स्तर से हमारी समस्याओं का समाधान नहीं किया जा रहा है। रात में अंधेरा होने से आवास में रहने वाले लोग अपने को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। अंधेरे की वजह से खास कर बुजुर्ग सीढ़ी पर गिर कर घायल हो रहे हैं। राज्यमंत्री ने लोगों को समस्या के समाधान का आश्वासन दिया। पत्रक सौंपने के दौरान प्रेमशंकर श्रीवास्तव, बब्लू कुमार, पूनम, विमला देवी, संगीता, नासरीन, धनावती, लक्ष्मी देवी, राजेश पाठक, शहजादी, विक्की भारती, अब्दुल अहमद, रमजान खान, जलालुद्दीन, गोलू, इंद्रदेव बिंद, प्रियंका बिंद, रूपा, निर्मला आदि शामिल थे।