सेवराई। उपजिलाधिकारी के आदेश के अनुपालन में सेवराई ग्राम प्रधान प्रतिनिधि रामप्रताप सिंह ने क्षेत्र में घूम रहे करीब बारह से अधिक आवारा पशुओं को पकड़वाकर परेमन शाह पोखरा के पास स्थित जलकल की टंकी परिसर में एकत्रित कराकर मुख्य गेट को बंद करा दिया। इससे क्षेत्रीय किसानों एवं अन्य लोगों ने राहत की सांस ली।
उपजिलाधिकारी सेवराई मोहम्मद कमर ने रविवार को बैठक कर सभी क्षेत्रीय ग्राम प्रधान एवं ब्लाक कर्मचारियों की मौजूदगी में जानकारी देते हुए शासन के नियमानुसार क्षेत्र में घूम रहे आवारा पशुओं को एकत्रित करते हुए एक जगह नियंत्रित करने का निर्देश दिया था। आवारा पशुओं को एक जगह नियंत्रित कर उनके भरण-पोषण की जिम्मेदारी संबंधित ग्राम प्रधान को दी गई थी। इसके लिए ग्राम प्रधान को प्रति पशु तीस रुपया रोजाना पशु चारा आदि के लिए शासन स्तर से मुहैया कराई जाएगी। आदेश का अनुपालन करते हुए सेवराई ग्राम प्रधान प्रतिनिधि राम प्रताप सिंह ने अपने सहयोगियों के साथ क्षेत्र से करीब 12 से अधिक पशुओं को पकड़वाकर परेमन शाह पोखरा स्थित जलकल की टंकी परिसर में एकत्रित करवाया और उनके चारा-पानी की व्यवस्था की। पशुओें को पकड़ने में बलवंत कुशवाहा, विक्की सिंह, हरिजी सिंह, दिनेश कुमार, मुकेश सिंह, राधेश्याम, दरोगा, राजेंद्र, नरेश राजभर आदि ग्रामीण शामिल रहे।