मुहम्मदाबाद (गाजीपुर)। कोतवाली क्षेत्र के यूसुफपुर में स्थित थोक सब्जी मंडी में शुक्रवार की सुबह दुकान के सामने खड़ी बाइक की डिक्की का लाक तोड़कर उचक्कों ने कारोबारी का 40 हजार रुपये उड़ा दिए। पीड़ित द्वारा तहरीर दिए जाने पर पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है।
कोतवाली क्षेत्र के अदिलाबाद गांव निवासी जमुना कुशवाहा की यूसुफपुर बाजार सब्जी मंडी में सब्जी की आढ़त है। रोज की तरह सुबह भी वह बाइक से दुकान पर पहुंचा। सब्जी खरीदने के लिए बाइक की डिक्की में 40 हजार रखा था। दुकान के सामने बाइक खड़ाकर सुबह करीब साढ़े आठ बजे वह दुकान में झाड़ू लगा रहा था। इसी दौरान किसी उचक्के ने डिक्की का लाक तोड़कर पैसा उड़ा दिया। पैसा निकालने के लिए जब जमुना बाइक के पास पहुंचा तो डिक्की के टूटे लाक को देख शोर मचाने लगे। उसकी आवाज सुनकर आस-पास के दुकानदार भी वहां पहुंच गए। लोगों ने मंडी में इधर-उधर उचक्के की तलाश की, लेकिन उसका कही पता नहीं चला। इस पर लोगों ने घटना की सचना 100 पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने पीड़ित से घटना के संबंध में जानकारी लेने के बाद मामले की छानबीन की। पीड़ित ने मामले की तहरीर कोतवाली में दी। इस संबंध में पुलिस ने बताया कि पीड़ित की तरफ से तहरीर मिली है। मामले की छानबीन शुरू कर दी गई है। जल्द ही उचक्के की गिरफ्तारी कर मामले का पर्दाफाश कर दिया जाएगा।