गाजीपुर। जनपद की अतिमहत्वपूर्ण सड़क जंगीपुर-आरीपुर मार्ग का निर्माण महज चार माह पूर्व 4 करोड़ 32 लाख 87 हजार 420 रुपये की लागत से हुआ था। इसमें विभागीय अफसरों और ठेकेदारों की मिलीभगत से धन की लूट-खसोट करने का आरोप लगाया जा रहा है। सड़क बहुत कम दिनों में ही जगह-जगह से टूट गई है। मार्ग का निर्माण कार्य इसी साल 31 मई को पूरा किया गया है। ग्रामीणों ने इसकी शिकायत मुख्यमंत्री जनसुनवाई पोर्टल से लेकर उच्चाधिकारियों तक से किया है। लेकिन फिलहाल जिला प्रशासन इसे लेकर चुप्पी साधे है।
जंगीपुर-आरीपुर मार्ग का निर्माण प्रधानमंत्री सड़क योजना के तहत 31 मई 2018 को पूरा किया गया। चार माह में ही सड़क के बीच नारायणपुर और लाला गांव में बनाई गई पुलिया टूट जाने से सड़क गड्ढ़े में तब्दील हो गई है। सड़क के बीच जगह-जगह बने गड्ढे जानलेवा साबित हो रहे हैं। इस सड़क पर अनेक छोटे-बड़े विद्यालयों के पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं तथा स्कूल वाहनेें का आना-जाना है। पैदल और वाहन से आने-जाने वाले छात्र जान जोखिम में डालकर स्कूल जा रहे हैं। देखा जाए तो मार्ग से दर्जनों गांव भी जुड़े हैं। जिससे लोगों को आने-जाने में मुसीबत झेलनी पड़ रही है। लोगों का आरोप है कि लिखित शिकायत के बाद भी निर्माण के नाम पर लूट-खसोट करने वालों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है। जिला प्रशासन इसके प्रति संजीदा नहीं है। क्षेत्रीय जनता गुरुवार को जिलाधिकारी के बालाजी से पुन: इस संबंध में पत्रक सौंपेगी। शिकायत करने वालों में मुख्य रूप से बभनौली निवासी विवेकानंद पांडेय ने कहा कि न्याय मिलने तक हमारी लड़ाई जारी रहेगी। क्षेत्र के मनोज कुशवाहा, विनोद तिवारी, सुभाष राजभर, मंटू मिश्रा, बाबू राजभर और गुप्तेश्वर तिवारी ने सड़क के पुन: निर्माण तथा दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग की है।