मुहम्मदाबाद(गाजीपुर)। स्थानीय विकासखंड के ग्राम कठउत के किसानों का प्रतिनिधि मंडल बुधवार को गांव के नाले की मरम्मत को लेकर उपजिलाधिकारी रमेश यादव से मिला। इस दौरान किसानों ने क्षतिग्रस्त नाले का पानी खेतों में बहने की समस्या से अवगत कराया।
किसानों ने बताया कि मौजा कठउत में गांव का गंदा पानी जमा हो गया है। इस कारण हम किसान अपने खेतों में कोई फसल कास्त नहीं कर पा रहे हैं। पूर्व में एक नाला गांव सभा के माध्यम से बना था। जिससे उक्त गांव का गंदा पानी गांव के उत्तर गढ़ही में जाता था। वर्तमान समय में उक्त नाला टूट गया है। इस संबंध में ग्राम प्रधान से कई बार कहा गया कि नाले को बनवाया जाये ताकि पानी गढ़ही में चला जाए और हम लोग अपनी अराजी में फसल कास्त कर सकें, लेकिन आज तक इस विषय पर कोई ध्यान नहीं दिया। उपजिलाधिकारी ने कास्तकारों को मौका मुआयना कराकर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। इस अवसर पर पुष्पा राय, कलावती राय, सिधेश्वर राय, कृपाशंकर राय, गौरव कुमार राय, आशुतोष राय आदि शामिल रहे।