गाजीपुर। शहर कोतवाली और मरदह थाना क्षेत्र में 24 घंटे के दौरान सड़क दुर्घटनाओं में एक सरकारी कर्मचारी सहित दो लोगों की मौत हो गई। जबकि हादसे में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे उपचार के लिए वाराणसी रेफर कर दिया गया। सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। दोनों मृतकों ने हेलमेट नहीं पहना था।
मरदह संवाददाता के अनुसार मऊ जिले के हलधरपुर निवासी मनोज राजभर (18) पुत्र मुसाफिर राजभर अपने साथी अरविंद राजभर के साथ किसी काम से मरदह के बिजौरा गांव में शुक्रवार को आया था। वापस लौटते वक्त रात करीब 11 बजे थाना क्षेत्र के कंसहरी गांव के सामने मऊ से जिला मुख्यालय की तरफ जा रहे तेज रफ्तार ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में मनोज राजभर की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि अरविंद गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना के बाद चालक ट्रक सहित फरार हो गया। लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर घायल को जिला अस्पताल भेजवा दिया और दुर्घटना की जानकारी परिवार वालों को दी। एक अन्य युवक अरविंद की गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने वाराणसी स्थित ट्रामा सेंटर के लिए रेफर कर दिया। इस संबंध में थाना प्रभारी राजेश्वर सिंह ने बताया कि अज्ञात ट्रक एवं चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
कासिमाबाद संवाददाता के अनुसार थाना क्षेत्र के खजुहां निवासी इंद्रासन सिंह (60) आवास-विकास गाजीपुर में लिपिक पद पर तैनात थे। वह शनिवार की सुबह बाइक से दफ्तर आ रहे थे। इसी दौरान शहर कोतवाली के कैथवलिया गांव के पास पूर्वाह्न करीब 10 बजे ट्रक ने टक्कर मार दिया और चालक वाहन सहित फरार हो गया। हादसे में गंभीर रूप से घायल लिपिक को जिला अस्पताल लाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। ग्रामीणों ने हादसे की जानकारी लखनऊ में रह रहे मृतक के पुत्र और लखनऊ में उपचार करा रही पत्नी पुष्पा सिंह को दी।