सुहवल। स्थानीय गांव के इंटर कालेज के मैदान पर आजाद स्पोर्टिंग क्लब के तत्वावधान में 45वीं अंतर प्रांतीय गणेश राय एवं प्रभुनारायण राय-भुल्लन राय मेमोरियल फुटबाल प्रतियोगिता के मैच जारी हैं। प्रतियोगिता के पहले सेमीफाइनल में उसिया ने दलसागर बक्सर को 4-0 से रौंदकर फाइनल के लिए अपनी जगह सुरक्षित कर ली।
मध्यांतर से पहले दोनों टीमों को कई शानदार अवसर मिले, लेकिन कोई भी टीम मौके का फायदा नहीं उठा सकी। मध्यांतर के बाद उसिया के एजाज ने मैच के 52वें मिनट में मैदानी गोल कर अपनी टीम को 1-0 की बढ़त दिला दी। मैच के 69वें मिनट में उसिया के मकरुल ने गोलकर अपनी टीम को 2-0 की मजबूत बढ़त दिला दी। मैच के 79वें मिनट में उसिया के सोनू ने एक और गोल कर अपनी टीम को 3-0 की बढ़त दिला दिया। 88वें मिनट में उसिया के शरीफ ने गोल कर स्कोर 4-0 कर दिया। इस तरह से उसिया ने 4-0 से जीत दर्ज कर ली। इस मौके पर पूर्व ग्राम प्रधान आदित्य नारायण राय, रजनीश राय, मोती यादव, प्रफुल्लचंद्र राय, शैलेंद्र राय, राजू राय, प्रिंस राय, राजू ठाकुर, एकराम खान, गामा यादव, पंकज राय, गुड्डू यादव, विनय यादव आदि मौजूद थे। निर्णायक की भूमिका चुन्नू मिश्रा एवं उद्घोषक की भूमिका सुरेंद्र राय ने निभाई।