नंदगंज(गाजीपुर)। स्थानीय सन फ्लावर पब्लिक स्कूल का 7वां वार्षिक खेलकूद समारोह रविवार को विद्यालय परिसर में आयोजित किया गया। 100, 200, 400 एवं 800 मीटर की दौड़, लंबी कूद, शाटपुट, सैकरेस, थ्री लेग रेस के साथ ही टीम इवेंट में कबड्डी, खो-खो, बास्केटबाल, हैंडबाल, वालीबाल एवं बैडमिंटन में छात्र-छात्राओं ने अपनी प्रतिभा और क्षमता का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में कलाम हॉउस पहले, रमन हॉउस दूसरे, भाभा हॉउस तीसरे एवं खुराना हॉउस चौथे स्थान पर रहा।
प्रतियोगिता में कबड्डी में आशा सिंह, एथलेटिक में छाया यादव बैडमिंटन में प्रद्युम्न यादव, बास्केटबाल में उजाला यादव, खो-खो में खुशी जायसवाल और हैंडबाल में अंकित गुप्ता को सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी का पुरस्कार दिया गया। सर्वश्रेष्ठ अनुशासित हॉउस का पुरस्कार खुराना हॉउस को दिया गया। खेलकूद समारोह के मुख्य अतिथि गजाधर प्रसाद शर्मा ने विजयी प्रतिभागियों को सम्मानित करते हुए बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस मौके पर स्कूल की प्रबंधक हंसा देवी, डायरेक्टर गोरखनाथ यादव एवं प्रधानाचार्य राहुल कश्यप ने बच्चों का उत्साहवर्द्धन किया। इस मौके पर विद्यालय के अध्यापक, अध्यापिका एवं अभिभावक और बच्चे उपस्थित थे। संचालन घनश्याम कुशवाहा एवं सुजीत कुशवाहा ने संयुक्त रूप से किया।