जंगीपुर (गाजीपुर)। नगरीय निकाय चुनाव को देखते हुए स्थानीय पुलिस ने अपराधियों पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। अब तक कुल 445 लोगों को 107/16, 20 लोगों को 110 जी, 5 को गुंडा एक्ट के तहत पाबंद किया है। जबकि 8 लोगों का 151 के तहत निरूद्ध किया गया है। पुलिस की इस कार्रवाई से अपराधियों में खलबली मची हुई है। थानाध्यक्ष अपराधियों पर नकेल कसने के लिए क्षेत्र में पूरी तरह सक्रिय हैं।
नगर निकाय चुनाव में महज चार दिन शेष रह गए हैं। ऐसी स्थिति में स्थानीय पुलिस टीम थानाध्यक्ष सुरेंद्र यादव के नेतृत्व में लगातार अपराधियों की धरपकड़ में जुटी हुई है। खासकर चुनाव में खलल डालने वालों पर उनकी खास नजर है। पुलिस की ओर से लगातार की जा रही कार्रवाई से कई अपराधी अपने को अंडर-ग्राउंड करने में लगे हैं। उधर, जो शातिर अपराधी जमानत पर बाहर हैं, खुद ही जमानत तुड़वा कर सलाखों के पीछे रहने में ही अपनी भलाई समझ रहे हैं। जंगीपुर थानाध्यक्ष सुरेंद्र यादव ने बताया कि चुनाव को देखते हुए शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए नगर पंचायत के 445 लोगों को विभिन्न धाराओं व अपराधों में पाबंद किया गया है। जबकि आठ लोगों को 151 में चालान किया गया है। चुनाव में खलल डालने वालों की मंशा पूरी नहीं होनी दी जाएगी।