सुहवल। आदर्श साक्षरता कर्मी वेलफेयर एसोसिएशन प्रदेश नेतृत्व के आह्वान पर गुरुवार को रेवतीपुर ब्लाक के लोक शिक्षा प्रेरक संघ के ब्लाक अध्यक्ष संजय कुमार पांडेय के नेतृत्व में रेवतीपुर ब्लाक संसाधन केंद्र पर अपनी विभिन्न मांगों को लेकर धरना दिया। प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री को संबोधित एक ज्ञापन रेवतीपुर खंड शिक्षा अधिकारी प्रभाकर यादव के प्रतिनिधि सुजीत कुमार को सौंपा।
इस मौके पर संघ के ब्लाक अध्यक्ष संजय पांडेय ने कहा कि सरकार की महत्वाकांक्षी योजना साक्षर भारत मिशन, सर्व शिक्षा अभियान को मजबूत बनाने के लिए हर विद्यालयों में प्रेरकों की नियुक्ति इस उद्देश्य से की गई कि परिषदीय विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता को सुधारा जा सके। प्रेरक कम मानदेय पर विद्यालयों में अध्यापन कार्य में जुट गए, लेकिन सरकार एवं विभाग की उदासीनता के चलते उनका विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा उत्पीड़न किया जा रहा है, इसे किसी स्तर पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। संघ का आह्वान किया कि संगठन की मजबूती बनाए रखने के लिए हमें एकजुट होना होगा। साथ ही इसके विस्तार पर भी बल देने के साथ संघ में फूट डालने वालों से सतर्क रहना होगा। कहा कि हम प्रेरकों का 20 से लेकर 40 माह तक का मानदेय रुका है, जिसके चलते खुद परिवार भुखमरी के कगार पर आ चुके हैं। प्रेरक संघ के ब्लाक समन्वय कृपाशंकर राय ने कहा कि प्रेरकों का उत्पीड़न बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सरकार से मांग की कि योजना के समय की सम्मानजनक वृद्धि कर मानदेय के साथ सभी साक्षरता कर्मियों का नवीनीकरण का आदेश तत्काल निर्गत किया जाए। हमारी मांगें यथाशीघ्र मंजूर की जाए, अन्यथा हम बड़े आंदोलन को बाध्य होंगे। इस अवसर पर प्रीतम, गंगोत्री राम, रीता, विनोद यादव, जयनारायण, कविंद्र यादव, निर्भय शंकर, संजय सिंह, आभा खरवार, गार्गी राय आदि उपस्थित थे।