भांवरकोल (गाजीपुर)। थाना क्षेत्र के कनुआन गांव में रविवार को आम के बागीचे में एक युवक का शव पेड़ की टहनी से बंधे गमछे से लटकता मिला। शव मिलने की जानकारी होते ही घटना स्थल पर ग्रामीणों की भीड़ लग गई। ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
सुबह करीब सात बजे कनुआन गांव के लोगों ने आम के बागीचे में पेड़ की टहनी से एक युवक का शव गमछा के सहारे लटकता देखा। यह खबर पूरे क्षेत्र में फैल गई। कुछ ही देर में मौके पर दर्जनों ग्रामीण पहुंच गए। लोगों ने मृतक की पहचान महेशपुर प्रथम गांव निवासी जगदीश राजभर (30) के रूप में की और इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। घटना की जानकारी होते ही रोते-बिलखते परिजन भी थाने पहुंच गए। परिजनों के पहुंचने के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस संबंध में थानाध्यक्ष बालमुकुंद मिश्रा ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस मामले में मृतक के परिवार वालों की तरफ से कोई तहरीर नहीं मिली है। अगर तहरीर मिली तो रिपोर्ट दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू की जाएगी। मालूम हो कि मृतक जगदीश कनुआन गांव स्थित अपने ससुराल में रहकर मजदूरी करता था।